
जयपुर। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान ने पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर जारी कार्यक्रम में संशोधन किया है। आयोग ने 3 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस नोट में पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के साथ पंच एवं सरपंच पदों के निर्वाचन के लिए निर्धारित प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण की समय-सारणी में बदलाव किया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण के लिए मतदान 22 अक्टूबर 2026, द्वितीय चरण के लिए 28 अक्टूबर 2026 तथा तृतीय चरण के लिए 3 नवंबर 2026 को होगा। मतदान का समय प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।
पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान क्रमशः 24 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 5 नवंबर 2026 को होगा। इन पदों की मतगणना संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतदान समाप्ति के तुरंत बाद की जाएगी। वहीं उपसरपंच का चुनाव क्रमशः 25 अक्टूबर, 31 अक्टूबर और 6 नवंबर 2026 को होगा।
बीकानेर के चुनावी चरणों में भी बदलाव
आयोग ने बीकानेर जिले की पंचायत समितियों के चरणों में भी परिवर्तन किया है। संशोधित व्यवस्था के अनुसार—
– प्रथम चरण: डूंगरगढ़, रिड़ी
– द्वितीय चरण: लूणकरणसर
– चतुर्थ चरण: नोखा, पांचू, जसरासर
आयोग ने जैसलमेर और सलूम्बर जिलों के चरणों में भी बदलाव किया है। जैसलमेर में राजमथाई, फलसूण्ड, सांकड़ा, भणियाणा, खुहड़ी, फतेहगढ़, रामगढ़, नाचना एवं मोहनगढ़ को चतुर्थ चरण में रखा गया है। सलूम्बर जिले में लसाड़िया, सेमारी, सलूम्बर एवं गोगला को तृतीय चरण तथा झल्लारा, जयसमंद एवं सराड़ा को चतुर्थ चरण में रखा गया है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिला परिषद जैसलमेर के सदस्यों के लिए 31 अक्टूबर 2026 को तथा जिला परिषद सलूम्बर के सदस्यों के लिए 19 अक्टूबर 2026 को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार लोक सूचना जारी कर नाम निर्देशन की प्रक्रिया की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को इसकी पृथक सूचना देने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि उक्त संशोधन के अतिरिक्त पूर्व में घोषित कार्यक्रम यथावत रहेगा।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सचिव राजेश वर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।