
बीकानेर। कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय, राजस्थान, जयपुर के तत्वावधान में राजकीय डूंगर कॉलेज, बीकानेर में VIBRANT (Weekly Virtual Office) प्रोग्राम के तहत वर्चुअल सेशन आयोजित किया गया। सत्र में IIT जोधपुर के गौरव पुलुस्कर मुख्य रिसोर्स पर्सन के रूप में जुड़े। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप के लिए अनुकूल इकोसिस्टम तैयार करना रहा।
सत्र के दौरान VIBRANT पहल के एंट्री-लेवल घटक ‘Entrepreneurship Awareness and Aspirational Engagement Workshop (EAC)’ पर विशेष चर्चा की गई। विद्यार्थियों को पारंपरिक रोजगार के साथ-साथ स्टार्टअप एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
रिसोर्स पर्सन गौरव पुलुस्कर ने डिजाइन थिंकिंग, समस्याओं की पहचान, बिजनेस मॉडल डेवलपमेंट सहित विभिन्न विषयों पर विद्यार्थियों से संवाद किया। साथ ही कृषि, तकनीक, पर्यटन एवं पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में जिला स्तर पर मौजूद आर्थिक संभावनाओं और उनमें नए उद्यम विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों को विभिन्न सरकारी फंडिंग योजनाओं, इंक्यूबेशन सुविधाओं एवं मेंटरशिप सपोर्ट की जानकारी भी दी गई।
निदेशालय से वर्चुअल रूप से जुड़ी VIBRANT प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग यूनिट की वृंदा तनवानी ने प्रोजेक्ट के उद्देश्यों एवं इसके व्यापक दायरे की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को VIBRANT प्लेटफॉर्म का अधिकतम लाभ उठाने, अपने बिजनेस आइडियाज को बेहतर बनाने तथा आगे चलकर स्टार्टअप इंक्यूबेशन एवं मेंटरिंग के उन्नत चरणों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
वर्चुअल सेशन में कुल 62 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रो. अन्ना राम शर्मा, प्रो. सुमित्रा चारण, डॉ. प्रवीण कुमार खत्री, डॉ. विजय प्रकाश, डॉ. छाया शर्मा एवं पूनम साध सहित अनेक संकाय सदस्य उपस्थित रहे।