सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत आज बीकानेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, बीकानेर एवं बीकानेर रेलवे स्टेशन पर मंडल की सांस्कृतिक टीम द्वारा “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” थीम पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से रेलकर्मियों एवं यात्रियों को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को अपनाने तथा भ्रष्टाचार से दूर रहने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव गोविल उपस्थित रहे। सांस्कृतिक टीम ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से यह दर्शाया कि व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा अपनाकर ही समाज एवं राष्ट्र की प्रगति सुनिश्चित की जा सकती है। नाटक के माध्यम से सभी को अपने कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने, अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा भ्रष्टाचार के किसी भी रूप से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने सांस्कृतिक टीम की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे में पारदर्शी, जवाबदेह एवं भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति विकसित करने के लिए प्रत्येक रेलकर्मी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने रेलकर्मियों से अपने दैनिक कार्यों में सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का आयोजन “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” थीम के अंतर्गत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य रेलकर्मियों एवं आमजन में सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना तथा भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के निर्माण के लिए सभी को प्रेरित करना है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से बीकानेर मंडल ने सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं ईमानदारी पर आधारित कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने और भ्रष्टाचार मुक्त रेलवे के संकल्प को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।
