रोजगार की राह आसान बनाने की पहल, डूंगर कॉलेज में छात्राओं ने सीखे व्यक्तित्व विकास के गुर

 

बीकानेर। राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर के उद्यमिता एवं प्लेसमेंट सेल की ओर से महिंद्रा प्राइड क्लासरूम के सहयोग, महिंद्रा राइज के समर्थन तथा नांदी फाउंडेशन के माध्यम से आयोजित तीन दिवसीय रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मविश्वास बढ़ाने, व्यक्तित्व विकास, प्रभावी संवाद और रोजगार प्राप्ति के लिए आवश्यक व्यावहारिक कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया।

 

प्रशिक्षण सत्रों के दौरान छात्राओं को मंच पर बोलने की कला, मंच भय दूर करने, प्रभावी संचार, साक्षात्कार की तैयारी तथा रोजगार के अवसरों के अनुरूप स्वयं को तैयार करने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने और भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए प्रेरित किया गया।

 

समापन समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आर. के. पुरोहित ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं के व्यक्तित्व विकास और करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उद्यमिता एवं प्लेसमेंट सेल के संयोजक प्रो. देवेश खंडेलवाल ने कार्यक्रम के उद्देश्यों और छात्राओं की व्यावसायिक दक्षताओं को विकसित करने में इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

 

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता पूजा चौधरी ने प्रशिक्षण गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को रोजगारपरक कौशल विकसित करने तथा अपने संवाद कौशल और आत्मविश्वास को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम समन्वयक श्रीमती प्रियंका खींची ने आयोजन में सहयोग देने के लिए प्लेसमेंट सेल की डॉ. लीना शरण एवं डॉ. सुमन लता सहित अतिथियों, प्रशिक्षकों और छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

 

महाविद्यालय का उद्यमिता एवं प्लेसमेंट सेल विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक रोजगार बाजार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से समय-समय पर कौशल विकास कार्यक्रम, प्रशिक्षण कार्यशालाएं और करियर मार्गदर्शन गतिविधियां आयोजित कर रहा है। इन प्रयासों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, प्रभावी संवाद, आत्मविश्वास और व्यावसायिक दक्षताओं के विकास को बढ़ावा मिल रहा है।

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और साक्षात्कार की बेहतर तैयारी, प्रभावी संवाद तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़े उपयोगी कौशल सीखे।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

एसबीआई खोखराणा शाखा ने 10 परिवारों को पहुंचाई आर्थिक राहत, बीमा क्लेम राशि वितरित

बीकानेर। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बीकानेर रीजन नॉर्थ की खोखराणा शाखा की ओर से सामाजिक…