
बीकानेर, 2 अगस्त। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे खाजूवाला क्षेत्र में बीकानेर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सरहद पार संचालित नार्को-आर्म्स सिंडीकेट पर करारा प्रहार किया है। ऑपरेशन “SHOCKWAVE” के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजी गई करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य की 10 किलोग्राम ‘999’ मार्का अफगान हेरोइन, 11 विदेशी पिस्टल, 22 अतिरिक्त मैगजीन तथा 100 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसे खाजूवाला सीमा क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी जब्ती माना जा रहा है।
महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश के निर्देशन तथा जिला पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री बनवारीलाल, वृत्ताधिकारी खाजूवाला श्रीमती आकांक्षा चौधरी, थानाधिकारी खाजूवाला अशोक बिश्नोई एवं डीएसटी टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी।
पुलिस के अनुसार मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी सूचना के आधार पर पता चला कि पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से खाजूवाला क्षेत्र में मादक पदार्थ एवं हथियार गिराए गए हैं, जिन्हें आगे पंजाब भेजने की योजना थी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने खेप को इंटरसेप्ट कर जब्त कर लिया और एक आरोपी वीरेन्द्र सिंह निवासी जैतारण (पाली) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
बरामद हथियारों में 2 तुर्की निर्मित पिस्टल, 4 ग्लॉक पिस्टल तथा 5 स्टार मार्क .30 बोर पिस्टल शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध राजस्थान सहित अन्य राज्यों में पूर्व से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस कार्रवाई को स्वतंत्रता दिवस से पूर्व सीमा पार सक्रिय नार्को-आर्म्स नेटवर्क के विरुद्ध बड़ी सफलता माना जा रहा है। बीकानेर पुलिस का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन ड्रॉपिंग की गतिविधियों पर उसकी कड़ी नजर है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा ने कहा कि “नशे के विरुद्ध निर्णायक प्रहार, सुरक्षित समाज की ओर” अभियान के तहत बीकानेर पुलिस मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।