
बीकानेर, 31 जुलाई। नापासर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर एवं आदतन अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बचता फिर रहा था। उसके खिलाफ बीकानेर जिले के विभिन्न थानों में 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं तथा वह थाना स्तर पर टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में भी शामिल था।
पुलिस के अनुसार 14 मई 2026 को तेखमसर निवासी रामजस खां ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 मई की रात आरोपी राजस्वरूप गार्ड सहित अन्य लोगों ने कैंपर गाड़ी से उनके घर के बाहर खड़ी पिकअप को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर आरोपी ने कैंपर गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया तथा जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ देर बाद आरोपी अपने साथियों के साथ दो कैंपर गाड़ियों में वापस आया और मारपीट की। बीच-बचाव करने आए लोगों को भी वाहन से कुचलने का प्रयास किया। इससे पहले 9 मई को भी आरोपी ने परिवादी के भाई सुभाष खां एवं उसके साथी के साथ मारपीट कर सोने के आभूषण और नकदी छीनने की वारदात को अंजाम दिया था।
घटना के संबंध में नापासर थाने में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक बीकानेर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) और वृत्ताधिकारी गंगाशहर के सुपरविजन में थानाधिकारी निरीक्षक कविता पूनिया के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजस्वरूप गार्ड को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हिस्ट्रीशीटर एवं आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ बीकानेर जिले के विभिन्न थानों में करीब 16 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी कैंपर गाड़ी में घूमकर लोगों को धमकाने तथा विरोध करने वालों को वाहन से कुचलने का प्रयास करने के लिए कुख्यात है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कैंपर गाड़ी भी जब्त कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी:
– राजस्वरूप गार्ड (25), निवासी तेखमसर, थाना नापासर, जिला बीकानेर।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी निरीक्षक कविता पूनिया, सहायक उप निरीक्षक कविन्द्र कुमार सहित नापासर थाना पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।