
बीकानेर, 1 अगस्त। बीकानेर रेंज मुख्यालय में शनिवार को महानिरीक्षक पुलिस श्री ओमप्रकाश की अध्यक्षता में स्टाफ काउंसलिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध एवं सतर्कता) श्री पवन कुमार भदौरिया तथा पुलिस उप अधीक्षक (शहर) श्री अनुज डाल उपस्थित रहे।
बैठक में बीकानेर रेंज के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ एवं चूरू जिलों के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान पुलिस कार्मिकों की सेवा संबंधी समस्याओं, उनके समाधान तथा कार्यस्थल पर आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
महानिरीक्षक पुलिस श्री ओमप्रकाश ने पुलिस कार्मिकों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा उनके बच्चों की बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं शिक्षित परिवार पुलिस कार्मिकों के मनोबल और कार्यकुशलता को मजबूत बनाते हैं।
बैठक में कार्मिकों की समस्याओं के त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस कार्मिकों के कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य तथा बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए रेंज स्तर पर निरंतर प्रयास किए जाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।