बीकानेर। संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर बीकानेर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने बाल विवाह रोकथाम एवं ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के विशेष जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया। राजस्थान महिला कल्याण मंडल एवं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन की ओर से आयोजित इस पहल का उद्देश्य समाज में बाल विवाह जैसी कुरीति के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाना और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।
संस्था के निदेशक राकेश कौशिक के निर्देशन में टीम ने केंद्रीय मंत्री के हाथों पोस्टर का विमोचन करवाया। इस अवसर पर अर्जुनराम मेघवाल ने भारतीय संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बाल विवाह रोकथाम की दिशा में राजस्थान महिला कल्याण मंडल एवं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में संस्था की ओर से जिला समन्वयक अमित कुमार ने अभियान की आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि अगले 100 दिनों तक नियमित रूप से गांव-गांव में बाल विवाह रोकथाम अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों के अधिकारों तथा इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल बाल विवाह की घटनाओं को रोकना ही नहीं, बल्कि समाज में ऐसी सोच विकसित करना भी है, जिसमें बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के अवसर मिल सकें।
इस दौरान संस्था की ओर से पिंकी जनागल, बाबूलाल, जय प्रकाश एवं विक्रम उपस्थित रहे।
