बीकानेर। रेल यात्रियों की बढ़ती भीड़ और अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को राहत देते हुए तीन जोड़ी स्पेशल रेलसेवाओं की संचालन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस विस्तार से दिसंबर माह में लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिल सकेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार विस्तारित अवधि में इन रेलसेवाओं का संचालन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा।
इन तीन स्पेशल ट्रेनों के बढ़ाए गए फेरे
1. मुंबई सेंट्रल-भिवानी स्पेशल (09001/09002)
मुंबई सेंट्रल-भिवानी-मुंबई सेंट्रल द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि बढ़ाई गई है। मुंबई सेंट्रल से 1 दिसंबर से 29 दिसंबर 2026 तक 9 ट्रिप तथा भिवानी से 2 दिसंबर से 30 दिसंबर 2026 तक 9 ट्रिप का विस्तार किया गया है।
2. यशवंतपुर-जयपुर स्पेशल (06543/06544)
यशवंतपुर-जयपुर-यशवंतपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन यशवंतपुर से 2 दिसंबर से 30 दिसंबर 2026 तक 5 ट्रिप तथा जयपुर से 5 दिसंबर 2026 से 2 जनवरी 2027 तक 5 ट्रिप अतिरिक्त संचालित होगी।
3. हुब्बल्लि-खातीपुरा स्पेशल (07371/07372)
हुब्बल्लि-खातीपुरा-हुब्बल्लि साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि में भी विस्तार किया गया है। हुब्बल्लि से 12 दिसंबर से 26 दिसंबर 2026 तक 3 ट्रिप तथा खातीपुरा से 14 दिसंबर से 28 दिसंबर 2026 तक 3 ट्रिप का विस्तार किया गया है।
रेलवे के अनुसार तीनों जोड़ी स्पेशल रेलसेवाओं के संचालन समय और ठहराव में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारणी और उपलब्धता की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
