बीकानेर, 26 नवंबर। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय (एसकेआरएयू) के कृषि महाविद्यालय में गुरुवार को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों, डेयरी उद्योग की संभावनाओं और युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसरों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आर.बी. दुबे ने कहा कि भारत विश्व के कुल दुग्ध उत्पादन में करीब 25 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ प्रथम स्थान पर है। यह उपलब्धि देश के करोड़ों पशुपालकों की मेहनत, वैज्ञानिकों के योगदान और मजबूत सहकारी डेयरी व्यवस्था का परिणाम है। उन्होंने कहा कि डेयरी क्षेत्र में रोजगार और उद्यमिता की अपार संभावनाएं हैं। विद्यार्थियों को डेयरी उद्यमिता, स्टार्टअप, दूध प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और आधुनिक पशुपालन तकनीकों को अपनाने की दिशा में आगे आना चाहिए। युवा इस क्षेत्र में नए उद्यम स्थापित कर किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
महाविद्यालय के पशुधन उत्पादन एवं प्रबंधन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उरमूल डेयरी के प्रबंधक हरीश शर्मा ने उरमूल एवं अमूल डेयरी की सहकारी व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए बताया कि डेयरी क्षेत्र किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने दुग्ध उत्पादकों की आर्थिक उन्नति में सहकारी संस्थाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. विजय प्रकाश ने डेयरी फार्मिंग के माध्यम से महिला सशक्तीकरण की संभावनाओं पर विचार व्यक्त किए। वहीं विभाग के डॉ. शंकर लाल ने वैज्ञानिक डेयरी फार्मिंग, उन्नत पशु प्रबंधन और आधुनिक तकनीकों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान से अवगत करवाया।
प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों ने दिखाया ज्ञान
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में डेयरी क्षेत्र के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अंत में विभाग प्रभारी डॉ. कुलदीप प्रकाश शिंदे ने अतिथियों, आयोजकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
