
बीकानेर, 5 अक्टूबर। जिला कौशल समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
जिला कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य तथा जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक को राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए स्थानीय औद्योगिक इकाइयों, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान तथा इंजीनियरिंग कॉलेज आदि में भ्रमण आयोजित करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रमण से विद्यार्थियों को विभिन्न औद्योगिक एवं तकनीकी क्षेत्रों की कार्यप्रणाली समझने के साथ रोजगार एवं कौशल विकास के अवसरों की जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण के लिए वर्षभर का कैलेंडर तैयार किया जाए, जिससे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अधिकाधिक विद्यार्थियों को इन संस्थानों का भ्रमण करवाया जा सके।
जिला कलेक्टर ने कहा कि आईटीआई एवं राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम (आरएसएलडीसी) से कौशल प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को सरकारी कार्यालयों के जरिए उद्यमिता और सम्बन्धित ट्रेंड के कार्य का व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध करवाया जाए।
आरएसएलडीसी के जिला प्रबंधक श्री विवेक शर्मा ने बताया कि जिले में कुल 9 प्रशिक्षण केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 6 केंद्रों का निर्धारित मानदंडों के अनुसार निरीक्षण किया जा चुका है। शेष केंद्रों का भी शीघ्र निरीक्षण किया जाएगा और सभी केंद्रों में प्रशिक्षण जल्दी प्रारंभ किया जाएगा।
बैठक में संभागीय रोजगार कार्यालय के उपनिदेशक श्री हरगोबिंद मित्तल, उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती मंजू नैन गोदारा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक डॉ रामगोपाल शर्मा, सयुंक्त श्रम आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।