जनादेश की नीलामी नहीं, जनता के विश्वास का सम्मान जरूरी : प्रहलादसिंह मार्शल

Description of image

बीकानेर। नगर निकाय चुनाव के परिणाम 14 सितंबर को सामने आएंगे। ऐसे में संभावित त्रिशंकु स्थिति को लेकर राजनीतिक हलकों में पार्षदों की खरीद-फरोख्त और बाड़ाबंदी जैसी आशंकाओं पर कांग्रेस के जिला महासचिव (संगठन) प्रहलादसिंह मार्शल ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण और जनता के सबसे करीब की कड़ी है। यहां जनादेश का सम्मान होना चाहिए, न कि सत्ता हासिल करने के लिए जोड़-तोड़ और धनबल का सहारा लिया जाए।

 

मार्शल ने कहा कि “जनता की किस्मत ताले में और माननीय रिसॉर्ट के उजाले में” जैसी स्थिति लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक होगी। जनता ने अपने क्षेत्र की सफाई, पानी, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी समस्याओं के समाधान की उम्मीद में मतदान किया है। ऐसे में निर्वाचित पार्षदों को किसी भी प्रकार के दबाव, प्रलोभन या खरीद-फरोख्त से दूर रहकर अपने मतदाताओं के प्रति जवाबदेह रहना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि यदि जनादेश खंडित आता है तो राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। विचारधारा, नीतियों और जनसेवा के मुद्दों के आधार पर नेतृत्व का चयन होना चाहिए। यदि सत्ता के लिए धनबल हावी होता है तो उसका सीधा असर शहर के विकास पर पड़ सकता है।

 

मार्शल ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च कर सत्ता हासिल करने की प्रवृत्ति लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ-साथ शहर के भविष्य के लिए भी गंभीर चुनौती है। ऐसी राजनीति में विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनता की समस्याएं पीछे छूटने का खतरा रहता है। इसका परिणाम कमीशनखोरी, घटिया निर्माण और आम नागरिकों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने के रूप में सामने आ सकता है।

 

उन्होंने कहा कि 14 सितंबर का परिणाम केवल यह तय नहीं करेगा कि नगर निकाय की कुर्सी पर कौन बैठेगा, बल्कि यह भी तय करेगा कि अगले पांच वर्षों में शहर की राजनीति जनसेवा और विकास की राह पर चलेगी या जोड़-तोड़ और स्वार्थ की राजनीति के रास्ते पर।

 

मार्शल ने सभी निर्वाचित पार्षदों से अपील की कि वे अपने मतदाताओं के विश्वास और जनादेश का सम्मान करें तथा शहर के विकास, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक जीत तभी होगी, जब जनता के वोट की कीमत सत्ता के सौदे में नहीं, बल्कि विकास के काम में दिखाई दे।

 

लेखक : प्रहलादसिंह मार्शल

जिला महासचिव (संगठन), चौथी बार

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, बीकानेर

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

भगवान महावीर के जन्म कल्याणक का वाचन और उत्सव की शुरुआत

बीकानेर। रांगड़ी चाैक में श्री सुगन जी महाराज के उपासरे में साध्वी मुक्तांजनाश्री जी महारा…