बीकानेर। शहर के ऐतिहासिक दम्माणी चौक स्थित श्री मदन मोहन लाल प्यारे जी मंदिर में शनिवार को 170वें हर्षानंद महोत्सव का शुभारंभ धार्मिक उल्लास, भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में हुआ। विशेष पूजा-अर्चना एवं भव्य मनोरथ दर्शन के साथ शुरू हुए महोत्सव में श्री मदन मोहन लाल प्यारे जी के अलौकिक श्रृंगार ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
इस अवसर पर श्री मदन मोहन लाल प्यारे जी का मनमोहक श्रृंगार किया गया। फूलों से सजे सिंहासन, चमकते वस्त्र, मोतियों एवं रत्नों से सुसज्जित पोशाक और प्रभु के मुख पर विराजित मंद मुस्कान ने दर्शनार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर परिसर में गूंजते जयकारों और राधे-कृष्ण की भक्ति धुनों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
धर्मपरायण स्वर्गीय कन्हैयालाल जी दम्माणी परिवार की ओर से श्री मदन मोहन लाल प्यारे जी की सेवा में समर्पित इस महोत्सव के लिए पूरे दम्माणी चौक को आकर्षक रोशनी, फूलों की मालाओं, तोरण द्वारों और रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया। महोत्सव में शामिल होने के लिए बीकानेर सहित देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं का दम्माणी परिवार की ओर से पारंपरिक रूप से स्वागत-सत्कार किया गया।
महोत्सव की श्रृंखला में शनिवार शाम 6 बजे लक्ष्मी हेरिटेज में भव्य भजन संध्या एवं मनोरथ दर्शन का आयोजन हुआ। यहां श्री मदन मोहन लाल प्यारे जी का विशेष मनोरथ सजाया गया। कोलकाता की प्रसिद्ध भजन गायन पार्टी ध्वनि ग्रुप ‘द वॉयस ऑफ मोक्ष’ के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। भजन संध्या में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमियों ने भाग लिया। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, व्यापारी एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने प्रभु के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की।
आज निकलेगी भव्य शोभायात्रा, फूलों की होली खेलेंगे श्रद्धालु
170वें हर्षानंद महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को भी विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। सुबह 7:30 बजे श्री गणेशम रिसोर्ट से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें श्री मदन मोहन लाल प्यारे जी के संग श्रद्धालु फूलों की होली खेलेंगे। सुबह 10:30 बजे न्यू आरके ग्रुप की ओर से श्री गणेशम रिसोर्ट में विशेष कार्यक्रम ‘हरे कृष्ण वेलनेस कार्निवल’ एवं दिव्य मनोरथ दर्शन का आयोजन होगा।
वहीं शाम 6 बजे पूगल रोड स्थित माखन भोग उत्सव कुंज में भजन एवं मनोरथ का भव्य समागम होगा। इसमें बीकानेर के प्रसिद्ध ‘श्री सखी ग्रुप’ के कलाकार अपनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियों से भक्तिमय वातावरण बनाएंगे।
