19 वर्षीय प्रियल कोठारी ने त्यागे सांसारिक सुख, वैराग्य की राह पर बढ़ाए कदम; आचार्य रामलालजी म.सा. से भागवती दीक्षा लेकर बनीं साध्वी रामप्रिया श्रीजी

 

बीकानेर, 14 नवम्बर। वैराग्य, त्याग और संयम की प्रेरणादायी मिसाल पेश करते हुए रतलाम की 19 वर्षीय मुमुक्षु प्रियल कोठारी ने सांसारिक सुख-सुविधाओं का त्याग कर जैन साध्वी जीवन अंगीकार किया। शनिवार को छबली घाटी स्थित सेवा सदन में साधुमार्गी जैन संघ के आचार्य प्रवर रामलालजी म.सा. के सानिध्य में आयोजित भव्य दीक्षा महोत्सव में उन्होंने भागवती दीक्षा ग्रहण की। दीक्षा के पश्चात उनका नया नाम साध्वी रामप्रिया श्रीजी रखा गया।

 

दीक्षा समारोह में उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि सहित अनेक चारित्र आत्माओं एवं बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं की उपस्थिति में दीक्षा की विधियां संपन्न हुईं। आचार्य प्रवर रामलालजी म.सा. एवं युवाचार्य प्रवर राजेश मुनि ने ‘करेमी भन्ती’ के साथ दीक्षा विधि पूर्ण करवाते हुए नवदीक्षित साध्वी को आजीवन सत्य, अहिंसा, अचौर्य, अपरिग्रह एवं ब्रह्मचर्य के पालन का संकल्प दिलाया। आचार्य प्रवर के सानिध्य में युवाचार्य बनने के बाद यह 496वीं दीक्षा रही।

 

दीक्षा महोत्सव के दौरान ‘राम गुरु विराट है, दीक्षाओं का ठाठ है’ और ‘हर्ष-हर्ष, जय-जय’ के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा। साध्वीवृंद एवं श्राविकाओं ने संयम, गुरु भक्ति और धर्म आराधना से जुड़े भजनों की प्रस्तुतियां दीं। नवदीक्षित साध्वी के केशलोचन की रस्म शासन दीपिका साध्वी कल प्रभा श्रीजी ने निभाई।

 

दीक्षा से पूर्व मुमुक्षु प्रियल कोठारी ने अपने परिजनों एवं उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं से हाथ जोड़कर वैराग्य मार्ग पर आगे बढ़ने की अनुमति मांगी तथा जाने-अनजाने में हुई भूलों के लिए क्षमा याचना की। अहिंसा प्रचारक महेश नाहटा एवं वरिष्ठ श्रावक सुशील बच्छावत ने मुमुक्षु और उनके परिजनों का परिचय करवाया।

 

इस अवसर पर लाघव मुनि ने गुरु दर्शन एवं वंदन की महिमा बताई, वहीं मधुर मुनि ने कहा कि वंश आगे बढ़े या नहीं, लेकिन जिन शासन और संघ की परंपरा निरंतर आगे बढ़नी चाहिए। मुमुक्षु के नाना वीरेन्द्र संकलेचा ने कहा कि संयम मार्ग केवल वेश परिवर्तन नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन परिवर्तन का मार्ग है। उन्होंने बताया कि प्रियल बचपन से ही धार्मिक संस्कारों और देव, गुरु एवं धर्म के प्रति समर्पित रही हैं।

 

समारोह में साध्वीवृंद ने कहा कि दृढ़ आत्मबल और गुरु कृपा से ही दीक्षा एवं कठिन तपस्याएं संभव होती हैं। इस दौरान राम वत्स मुनि की 36 दिन की तथा साध्वीश्री रामाभा की 41 दिन की तपस्या की अनुमोदना भी की गई। अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ के अध्यक्ष नरेन्द्र गांधी, साधुमार्गी सेवा समिति अध्यक्ष कन्हैयालाल बैद एवं संघ पदाधिकारियों ने आचार्य श्री से बीकानेर में 500 दीक्षाएं पूर्ण करने की विनती की।

 

भक्ति संगीत संध्या में गुरु भक्ति के भजनों ने बांधा समां

 

दीक्षा महोत्सव के तहत शुक्रवार रात्रि गंगाशहर मार्ग स्थित आदिनाथ भवन में भक्ति संगीत संध्या आयोजित हुई। प्रसिद्ध गायिका अलका डागा ने गुरु भक्ति एवं संयम मार्ग पर आधारित गीतों की प्रस्तुतियों से श्रावक-श्राविकाओं को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ के पूर्व अध्यक्ष जयचंद लाल डागा, साधुमार्गी सेवा समिति अध्यक्ष कन्हैयालाल बैद, कार्याध्यक्ष सुरेन्द्र दस्साणी, उपाध्यक्ष राजेन्द्र गोलछा एवं अहिंसा प्रचारक महेश नाहटा सहित पदाधिकारियों ने प्रशस्ति पत्र देकर मुमुक्षु प्रियल कोठारी का अभिनंदन किया।

 

समारोह में अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ, महिला समिति, साधुमार्गी सेवा समिति, समता युवा संघ, बहू मंडल एवं कन्या मंडल के सदस्य तथा देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

17.95 करोड़ के विकास से बदली रतनगढ़ स्टेशन की तस्वीर, DRM गौरव गोविल ने परखी यात्री सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्थाएं

  बीकानेर। रेलवे में यात्री सुविधाओं के विस्तार और सुरक्षित रेल संचालन को लेकर मंडल र…