बीकानेर, 14 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश में संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (SSR-2027) के तहत जिले में पात्र मतदाताओं के पंजीकरण को बढ़ावा देने के लिए विशेष क्लस्टर कैंप आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं सहित महिलाओं, नवविवाहिताओं, दिव्यांगजनों, ट्रांसजेंडर, बेघर व्यक्तियों तथा विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
स्वीप प्रकोष्ठ प्रभारी व सीईओ जिला परिषद श्रीमती शैलजा पांडे ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार इस संबंध में संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक समन्वय के साथ अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान का उद्देश्य ‘कोई भी पात्र मतदाता न छूटे’ की संकल्पना को साकार करना तथा मतदाता सूची में समावेशी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
श्रीमती पांडे ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 नवंबर को दिव्यांगजनों (PwDs) के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी सहयोग करेंगे। कैंपों का आयोजन विशेष विद्यालयों, आवासीय विद्यालयों तथा दिव्यांगजनों के लिए कार्यरत सीएसओ, एनजीओ एवं पंचायत राज संस्थानों के माध्यम से किया जाएगा।
इसी प्रकार ट्रांसजेंडर एवं बेघर व्यक्तियों के लिए 5 दिसंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ट्रांसजेंडर समुदाय के निवास स्थलों तथा बेघर व्यक्तियों के लिए रैन बसेरों, श्रम कॉलोनियों एवं अन्य स्थानों पर सर्वे कर पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण किया जाएगा। वहीं, 6 दिसंबर को विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG), विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू जनजातियों के लिए ईआरओ द्वारा चिह्नित स्थानों पर कैंप आयोजित होंगे।
स्वीप प्रकोष्ठ प्रभारी ने बताया कि महिलाओं एवं नवविवाहित महिलाओं के मतदाता पंजीकरण तथा मतदाता सूची में लिंगानुपात बढ़ाने के उद्देश्य से 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक प्रत्येक बुधवार को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष क्लस्टर कैंप आयोजित किए जाएंगे। इनमें ब्लॉक विकास अधिकारी के पर्यवेक्षण में सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, राजीविका स्वयं सहायता समूह, ग्राम विकास अधिकारी, नगर निगम एवं नगरपालिकाओं के प्रतिनिधि तथा बीएलओ सहयोग करेंगे।
श्रीमती पांडे ने बताया कि कैंपों में 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-6 भरवाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त पात्र एवं अधिक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों की पहचान (Flagging) कर उनका अनिवार्य पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला स्वीप नोडल अधिकारी के निर्देशन में ईआरओ, डी-एईआरओ तथा बीएलओ और सुपरवाइजर के सहयोग से इन कैंपों का आयोजन किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को कैंपों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिकाधिक पात्र नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
