बीकानेर। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बीकानेर पुलिस का प्रिवेंटिव एक्शन लगातार जारी है। पुलिस महानिरीक्षक श्री ओमप्रकाश के निर्देश पर शहर में हथियारबंद A श्रेणी की नाकाबंदी कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की गई।
नाकाबंदी के दौरान काले शीशे लगे वाहनों, बिना नंबर प्लेट चल रहे वाहनों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 250 से अधिक चालान काटे गए। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए 26 वाहन जब्त किए गए तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में जिला पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार पुराने आपराधिक मुकदमों में चालानशुदा आरोपियों एवं हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए शहर के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कुल 79 हिस्ट्रीशीटरों से पूछताछ की गई, जबकि इनमें से 40 व्यक्तियों के विरुद्ध पाबंदी की कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त गत रात्रि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। ऐसे 26 व्यक्तियों के विरुद्ध राजस्थान पुलिस अधिनियम की धारा 60 के तहत कार्रवाई की गई।
बीकानेर पुलिस की इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि अपराधों की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। पुलिस का यह अभियान असामाजिक तत्वों, आदतन अपराधियों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगे भी जारी रहेगा।
