
बीकानेर, 10 अक्टूबर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, राजस्थान, जयपुर के निर्देशों के क्रम में बीकानेर जिले के शहरी क्षेत्रों में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत डोर-टू-डोर गिव-अप अभियान का द्वितीय चरण अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।
अभियान का मुख्य उद्देश्य खाद्य सुरक्षा योजना से अपात्र परिवारों को बाहर करना तथा वास्तविक जरूरतमंद और पात्र परिवारों को योजना से जोड़ना है।
जिला रसद अधिकारी श्री नरेश शर्मा ने बताया कि शहरी क्षेत्रों के ऐसे वार्डों में विशेष सर्वे किया जाएगा जहाँ 80 प्रतिशत से अधिक जनसंख्या एनएफएसए में सम्मिलित है। बीकानेर नगर निगम क्षेत्र के लिए प्रवर्तन अधिकारी श्री पवन सुथार एवं प्रवर्तन निरीक्षक श्री प्रखर भार्गव, नोखा नगरपालिका क्षेत्र के लिए प्रवर्तन अधिकारी श्री कृष्ण कुमार, लूनकरणसर/देशनोक/नापासर क्षेत्र के लिए प्रवर्तन अधिकारी श्री मनीष अवस्थी, श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के लिए प्रवर्तन निरीक्षक श्री भूपेन्द्र सिंह तथा खाजूवाला क्षेत्र के लिए प्रवर्तन निरीक्षक श्री जीतू सिंह को नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़े परिवारों का डोर-टू-डोर सर्वे शुरू कर दिया गया है और प्रवर्तन निरीक्षक एवं उचित मूल्य दुकानदार ने घर-घर पहुंचकर परिवारों की पात्रता का सत्यापन करेंगे और फील्ड विजिट की जी.पी.एस. लोकेशन व तारीख युक्त फोटो संभाग के लिए नियुक्त प्रभारी अधिकारी को प्रतिदिन प्रेषित करेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान निष्कासन श्रेणी में पाए गए अपात्र परिवारों को स्वेच्छा से योजना से नाम हटाने (गिव-अप) के लिए प्रेरित किया जाएगा और गिव-अप न करने की दशा में नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पात्र एवं जरूरतमंद परिवार जो वर्तमान में योजना से वंचित हैं, उन्हें आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देकर सूची में शामिल किया जाएगा।