
बीकानेर, 10 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले की समस्त पंचायत समिति मुख्यालयों पर संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा शनिवार को ‘प्रत्याशी प्रबोधन’ कार्यशालाएं आयोजित की गई।
इस दौरान संभावित प्रत्याशियों को नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने, इस दौरान रखी जाने वाली सावधानियों, आवश्यक दस्तावेजों एवं शपथ पत्र प्रस्तुत करने, विभिन्न स्तर के प्रत्याशियों के खर्चे और वाहनों की सीमा, आचार संहिता की पालना तथा विभिन्न कानूनी प्रावधानों सहित अन्य बिंदुओं की जानकारी दी गई।
जिला मुख्यालय पर बीकानेर और रुणिया पंचायत समिति क्षेत्र के पंच, सरपंच, पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य के प्रत्याशियों का प्रबोधन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशान्त जैन मौजूद रहे और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी दी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं आयोजित होने से प्रत्याशियों को नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने से लेकर निर्वाचन से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि के प्रावधानों की जानकारी हो सकेगी। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पहली बार ऐसी कार्यशालाएं आयोजित की गई हैं। प्रत्याशी पूर्ण गंभीरता से इन कार्यशालाओं में भागीदारी निभाएं और सभी प्रकार की जानकारी प्राप्त करें, जिससे छोटी-छोटी गलती के कारण नाम निर्देशन पत्र खारिज होने की संभावना ना रहे। उन्होंने कहा कि विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों के समक्ष प्रत्याशी अपनी जिज्ञासाएं रखें, जिससे उनके प्रश्नों का जवाब मिल सके।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेद सिंह रतनू ने बताया कि पंचायत राज चुनाव से जुड़े सभी प्रत्याशियों को अदेय प्रमाण पत्र (नो ड्यूज) उसी स्थिति में देना होगा, जब किसी भी पंचायती राज संस्था द्वारा उस प्रत्याशी को किसी प्रकार का डिमांड नोटिस जारी किया गया है। अन्यथा किसी प्रत्याशी के लिए नो ड्यूज की जरूरत नहीं रहेगी।
प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के सहायक प्रभारी श्री पंकज शर्मा ने आचार संहिता से जुड़े समस्त प्रावधानों की जानकारी दी। वरिष्ठ संयुक्त विधि परामर्शी श्री नटवर लाल आचार्य ने विधि एवं कानूनी बिंदुओं के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों को पुलिस सत्यापन प्रस्तुत करने की जरूरत नहीं रहेगी। मास्टर ट्रेनर डॉ. वाईबी माथुर और डॉ. सुरेन्द्र राठी ने नाम निर्देशन पत्र से जुड़ी जानकारी दी।
इस दौरान बीकानेर पंचायत समिति की रिटर्निंग अधिकारी और उपखंड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, रुणिया पंचायत समिति की रिटर्निंग अधिकारी एवं प्रशिक्षु आईएएस सुश्री स्वाति शर्मा, भाजपा के श्री श्याम सिंह हाडला, कांग्रेस से श्री प्रहलाद सिंह मार्शल, श्री शिव लाल गोदारा, आरएलपी के श्री दानाराम घिंटाला सहित विभिन्न राजनैतिक पार्टियों के प्रतिनिधि और प्रत्याशी मौजूद रहे।
*प्रत्येक पंचायत समिति पर हुई कार्यशालाएं*
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अनुपालना में जिले की प्रत्येक पंचायत समिति मुख्यालयों पर प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशालाएं आयोजित हुई। इनमें बड़ी संख्या में प्रत्याशियों ने भागीदारी निभाई। प्रत्येक स्थान पर संबधित रिटर्निंग अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि और प्रत्याशी मौजूद रहे।