
उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर विशेष सफाई अभियान एवं एंटी लिटरिंग ड्राइव आयोजित की गई।
अभियान के अंतर्गत बीकानेर, लालगढ़, श्रीगंगानगर, सूरतगढ़, चूरू, लोहारू, महेंद्रगढ़, पीलीबंगा, चरखी दादरी, सिरसा, रतनगढ़, भिवानी, हिसार, सादुलपुर एवं मंडी डबवाली आदि स्टेशनों पर यात्रियों की अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर विशेष ध्यान देते हुए सफाई कार्य किया गया। फुटओवर ब्रिज की सीढ़ियों, प्लेटफॉर्म के कोनों तथा स्टेशन के मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वारों की गहन सफाई की गई।
इसके साथ ही एंटी लिटरिंग ड्राइव के अंतर्गत यात्रियों को इधर-उधर न थूकने, स्टेशन परिसर में कचरा न फैलाने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। यात्रियों को गंदगी फैलाने पर लगने वाले जुर्माने के प्रावधानों की जानकारी देते हुए रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
बीकानेर मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों, यात्री सुविधाओं एवं आसपास के परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।