बाल विवाह मुक्त भारत का संकल्प: बीकानेर में जागरूकता मार्च, साहसी बेटियों का हुआ सम्मान

 

बीकानेर। भारत को वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाने के राष्ट्रीय संकल्प को मजबूती देने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह विरोधी दिवस पर राजस्थान महिला कल्याण मंडल, बीकानेर की ओर से जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर जागरूकता मार्च निकालकर समाज को बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया गया।

 

कार्यक्रम में बाल विवाह से प्रभावित महिलाओं, बच्चों, पुरुषों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, धर्मगुरुओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष आकर्षण बाल विवाह रुकवाने वाली साहसी बेटियों का सम्मान रहा। साथ ही बाल विवाह रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिलाओं और जमीनी स्तर पर सामाजिक बदलाव लाने वाली महिला नेतृत्वकर्ताओं को भी प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य अरविंद सेंगर ने भी सहभागिता निभाई।

 

जागरूकता मार्च के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और शपथ ग्रहण के जरिए यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षित बचपन और अपनी जिंदगी का भविष्य चुनने का अधिकार मिलना चाहिए।

 

अभियान की विशेष पहल के तहत विवाह समारोहों से जुड़े विभिन्न हितधारकों को भी जोड़ा गया। पुरोहितों, मौलवियों, हलवाइयों, रसोइयों, बैंड-बाजा संचालकों, टेंट व्यवसायियों, सजावट कार्यकर्ताओं और शादी के कार्ड छापने वाले प्रिंटिंग प्रेस संचालकों ने शपथ ली कि वे किसी भी बाल विवाह में सहयोगी नहीं बनेंगे। साथ ही बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करेंगे।

 

संस्था के जिला समन्वयक अमित कुमार ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से सरकार और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के सहयोग से बाल विवाह उन्मूलन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यह अभियान केवल एक सामाजिक बुराई को समाप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि बेटियों को उनका बचपन, शिक्षा और अपने भविष्य का फैसला करने का अधिकार दिलाने की मुहिम है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब बेटियां शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनेंगी।

 

उन्होंने कहा कि बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए सरकार, प्रशासन और समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। बीकानेर में शुरू हुई यह पहल आज वैश्विक आंदोलन का हिस्सा बन चुकी है।

 

उल्लेखनीय है कि राजस्थान महिला कल्याण मंडल, बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए कार्यरत देश के सबसे बड़े नागरिक समाज नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन का सहयोगी संगठन है। संगठन के प्रयासों और संस्थापक भुवन ऋभु की पहल से बाल विवाह उन्मूलन का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रमुखता से सामने आया है। संयुक्त राष्ट्र में अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह विरोधी दिवस की मान्यता इस दिशा में एक महत्वपूर्ण वैश्विक उपलब्धि है।

 

कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। हर बच्चे का बचपन सुरक्षित हो और हर बेटी को अपने सपने पूरे करने का अवसर मिले, इसी संकल्प के साथ अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

कला जगत को केंद्र सरकार का ऐतिहासिक सम्मान, चित्रकार सोभा सिंह की 125वीं जयंती पर जारी होगा 125 रुपये का सिक्का

बीकानेर। भारतीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने की दिशा में भार…