बीकानेर। भारतीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने की दिशा में भारत सरकार ने प्रसिद्ध चित्रकार सरदार सोभा सिंह की 125वीं जयंती पर 125 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करने की तैयारी की है। केंद्रीय वित्त मंत्रालय की ओर से 25 नवंबर 2026 को इस संबंध में गजट अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। यह सम्मान भारतीय चित्रकला के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
29 नवंबर 1901 को पंजाब के गुरदासपुर जिले के हरगोबिंदपुर में जन्मे सरदार सोभा सिंह ने अपनी कला के माध्यम से भारतीय चित्रकला को विशिष्ट पहचान दिलाई। भारत विभाजन के बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश के पालमपुर के निकट अंदरेटा को अपनी कर्मभूमि बनाया। सिख गुरुओं, विशेषकर गुरु नानक देव जी और गुरु गोबिंद सिंह जी के उनके चित्र आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक माने जाते हैं। इसके अलावा उन्होंने राष्ट्रीय नेताओं के चित्रों के साथ ही हीर-रांझा और सोहनी-महिवाल जैसी पंजाबी प्रेम गाथाओं को भी अपनी कला में जीवंत किया। कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें वर्ष 1983 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
इस स्मारक सिक्के के जारी होने के साथ सोभा सिंह का नाम भारतीय कला जगत की उन विशिष्ट विभूतियों में शामिल होगा, जिन्हें भारत सरकार ने सिक्के के माध्यम से सम्मानित किया है। हिमाचल प्रदेश के अंदरेटा स्थित सोभा सिंह आर्ट गैलरी में आज भी उनकी कलात्मक विरासत संरक्षित है।
बीकानेर के मुद्राशास्त्री सुधीर लुणावत ने बताई विशेषताएं
सिक्कों के संग्रहण एवं अध्ययन से जुड़े बीकानेर के प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री सुधीर लुणावत ने बताया कि इस स्मारक सिक्के का निर्माण भारत सरकार की मुंबई टकसाल में किया जाएगा। यह सामान्य प्रचलन का सिक्का नहीं होगा, बल्कि स्मारक सिक्के के रूप में संग्रहकर्ताओं और कला प्रेमियों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 125 रुपये अंकित मूल्य वाले इस सिक्के की अनुमानित कीमत लगभग 1500 रुपये हो सकती है।
ये होंगी सिक्के की तकनीकी विशेषताएं
125 रुपये का यह स्मारक सिक्का निकेल सिल्वर धातु से तैयार किया जाएगा। इसमें 60 प्रतिशत तांबा, 20 प्रतिशत निकेल और 20 प्रतिशत जिंक का मिश्रण होगा।
मुख भाग पर होंगे ये चिह्न
सिक्के के मुख भाग के मध्य में अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष होगा, जिसके नीचे सत्यमेव जयते अंकित रहेगा। बाईं ओर देवनागरी में भारत और दाईं ओर अंग्रेजी में INDIA लिखा होगा। सिंह शीर्ष के नीचे रुपये का प्रतीक और अंतरराष्ट्रीय अंकों में 125 अंकित किया जाएगा।
पृष्ठ भाग पर उकेरी जाएगी चित्रकार की तस्वीर
सिक्के के पृष्ठ भाग के मध्य में महान चित्रकार सरदार सोभा सिंह का चित्र अंकित होगा। ऊपरी परिधि पर देवनागरी में ‘सोभा सिंह की 125वीं जयंती’ और ‘प्रकाश के साधक, मानवता के चित्रकार’ लिखा होगा। वहीं निचली परिधि पर अंग्रेजी में ‘125th Birth Anniversary of Sobha Singh’ और ‘Seeker of Light, Painter of Humanity’ अंकित रहेगा। चित्र के बाईं ओर रंगों की पट्टिका और पेंटिंग के ब्रश दर्शाए जाएंगे। सिक्के पर 1901-2026 वर्ष भी अंकित होंगे।
सरदार सोभा सिंह को समर्पित यह स्मारक सिक्का पंजाब, हिमाचल प्रदेश सहित देशभर के कला प्रेमियों और सिक्का संग्रहकर्ताओं के लिए विशेष महत्व रखेगा। यह सिक्का महान चित्रकार की कलात्मक साधना, मानवीय दृष्टिकोण और भारतीय सांस्कृतिक विरासत में उनके योगदान को लंबे समय तक याद दिलाता रहेगा।
