बीकानेर, 28 नवंबर। आयुर्वेद विभाग एवं राष्ट्रीय आयुष मिशन के संयुक्त तत्वावधान में ज़िले में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) के कार्यक्षेत्र में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस प्रथम एवं द्वितीय बैच के प्रतिभागियों को आयुष सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनस्वास्थ्य एवं आमजन तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यशाला के नोडल प्रभारी डॉ. रिडमल सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रशिक्षण में आयुर्वेद कंपाउंडर, एएनएम एवं आशा सहयोगिनियों को निर्धारित प्रशिक्षण मॉड्यूल के अनुरूप विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने व्याख्यान एवं व्यावहारिक सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों की कार्यक्षमता बढ़ाने, आयुष सेवाओं की उपयोगिता समझने तथा स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में आयुर्वेद विभाग बीकानेर संभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. राधेश्याम, उपनिदेशक डॉ. पवन कुमार पारीक एवं अतिरिक्त निदेशक डॉ. जितेंद्र सिंह भाटी ने राष्ट्रीय आयुष मिशन के उद्देश्यों, महत्वपूर्ण लक्ष्यों तथा आयुष मित्रों के दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए आयुष आधारित स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आमजन तक सुनिश्चित करने और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।
प्रशिक्षण सत्रों में डॉ. जितेंद्र सिंह भाटी, डॉ. रिडमल सिंह राठौड़, डॉ. ईश्वर दत्त शर्मा, डॉ. कुसुम शर्मा, डॉ. इरशाद रफीक एवं डॉ. दीपिका शर्मा ने विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया।
इस अवसर पर प्रभारी डॉ. दिनेश गोठवाल, डॉ. किशन पन्नू, डॉ. संदीप कुमार कनवाड़िया, आयुर्वेद कंपाउंडर रामखिलाड़ी एवं सतीश पंवार, आयुर्वेद नर्स अनिता एवं सुलोचना तथा परिचारक राजेंद्र कुमार, विकास सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
