MGSU की छतों से बनेगी ऊर्जा की नई इबारत, 300 किलोवाट का सोलर प्लांट पूरी तरह निःशुल्क स्थापित

 

बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (MGSU) हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने जा रहा है। विश्वविद्यालय परिसर की विभिन्न इमारतों की छतों पर राजस्थान रिन्यूएबल एनर्जी कॉर्पोरेशन लिमिटेड (RRECL) के माध्यम से 300 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट पूर्णतः निःशुल्क स्थापित किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से विश्वविद्यालय को न केवल बिजली खर्च में बड़ी राहत मिलेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ग्रीन कैंपस की परिकल्पना को भी मजबूती मिलेगी।

 

इस महत्वपूर्ण पहल का श्रेय विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई के निरंतर प्रयासों, दूरदर्शी सोच और प्रभावी पहल को जाता है। उनके प्रयासों से राज्य सरकार एवं राजस्थान सौर ऊर्जा निगम के उच्चाधिकारियों के साथ निरंतर संवाद और समन्वय के बाद इस परियोजना को स्वीकृति मिली है।

 

कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि यह परियोजना विश्वविद्यालय के संसाधनों को दीर्घकालिक रूप से सुदृढ़ करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। सोलर प्लांट से आगामी 25 वर्षों तक हरित ऊर्जा उपलब्ध होने के साथ विश्वविद्यालय के बिजली खर्च में प्रतिवर्ष लगभग 25 लाख रुपये की बचत अनुमानित है। इस प्रकार 25 वर्षों में करीब 6 करोड़ रुपये की बचत होगी। इस बचत का उपयोग विश्वविद्यालय परिसर को हरा-भरा बनाने, विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शैक्षणिक संसाधन विकसित करने तथा शोध एवं अनुसंधान सुविधाओं के विस्तार में किया जा सकेगा।

 

विश्वविद्यालय के कुलसचिव यशपाल आहूजा ने बताया कि इस परियोजना की विशेष बात यह है कि सोलर प्लांट की स्थापना के साथ आगामी 25 वर्षों तक इसका संपूर्ण रखरखाव एवं मेंटेनेंस भी संबंधित वेंडर एजेंसी द्वारा निःशुल्क किया जाएगा। इससे विश्वविद्यालय पर स्थापना और रखरखाव का अतिरिक्त आर्थिक भार नहीं पड़ेगा। 300 किलोवाट क्षमता के इस प्लांट से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में सौर ऊर्जा का उत्पादन होगा, जिससे विश्वविद्यालय के मासिक विद्युत व्यय में उल्लेखनीय कमी आएगी।

 

विश्वविद्यालय के सम्पदा अधिकारी कुलदीप जैन ने बताया कि यह परियोजना परिसर को आदर्श ग्रीन कैंपस के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सौर ऊर्जा के उपयोग से पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होगी तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी लाकर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

 

कुल मिलाकर, 300 किलोवाट का यह निःशुल्क रूफटॉप सोलर प्लांट महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के लिए आर्थिक बचत के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक शैक्षणिक विकास की दिशा में दूरगामी उपलब्धि साबित होगा।

 

 

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

संरक्षित रेल संचालन में चूक की कोई गुंजाइश नहीं, हर रेलकर्मी की सामूहिक जिम्मेदारी: ADRM चौधरी

  बीकानेर। रेल संचालन में सुरक्षा सर्वोपरि है और संरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करना प…