
बीकानेर। आगामी नगरीय निकाय चुनावों में अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने एवं मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बीकानेर जिला उद्योग संघ में मतदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उद्योग संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने हाथों में मतदाता जागरूकता से संबंधित स्लोगन लिखी पट्टियां लेकर लोकतंत्र में मतदान की महत्ता का संदेश दिया और आमजन को अनिवार्य रूप से मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक पात्र मतदाता को बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
स्लोगन पट्टियों के माध्यम से “मतदान हमारा अधिकार ही नहीं, लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है” जैसे संदेश देकर मतदाताओं को जागरूक किया गया।
पचीसिया ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उद्यमियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उद्यमी केवल आर्थिक गतिविधियों को गति देने का कार्य नहीं करते, बल्कि उनके प्रतिष्ठानों में कार्यरत कामगारों एवं कर्मचारियों को भी मतदान के लिए प्रेरित कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने में योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सही प्रत्याशी का चयन शहर के विकास की दिशा तय करता है। बेहतर सड़कें, स्वच्छता, जल निकासी, मूलभूत सुविधाएं एवं सुव्यवस्थित शहरी विकास का सीधा सकारात्मक प्रभाव व्यापार और उद्योग जगत पर भी पड़ता है। उन्होंने उद्यमियों एवं आम मतदाताओं से जाति, धर्म, व्यक्तिगत पसंद अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना योग्य, ईमानदार एवं विकास की सोच रखने वाले प्रत्याशी का चयन करने की अपील की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करना तथा नगरीय निकाय चुनावों में लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय एवं जिम्मेदार भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर विजय चांडक, मनीष सिपाणी, विनोद जोशी, गुरदीप शर्मा, ओमप्रकाश सोनगरा, योगेश भार्गव, ईश्वरचंद दुग्गड़, राजेन्द्र सिंह राठौड़, टोडरमल चोपड़ा, सुरेन्द्र रावत, बाबूलाल कांकरिया, रामेश्वरलाल छींपा, जगदीश प्रसाद डागा, कन्हैयालाल बोथरा, अशोक सुराणा, नरेश मित्तल, श्यामसुन्दर सोनी, वीरेन्द्र किराडू, विमल चोरडिया, अशोक गहलोत, निर्मल पारख, भंवरलाल चांडक, राजीव शर्मा, परताराम चौधरी, ऋषिराज रामावत, योगेन्द्र मारू, शिवशंकर व्यास, दिव्यम दरगड़, निखिल रामावत, युवराज रामावर, कपिश तिवाड़ी सहित उद्योग संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।