बीकानेर। बीकानेर जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। रीको की ओर से जिले के चार प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों—रानीबाजार, करणी, बीछवाल और खारा में विकास कार्य करवाने के लिए कुल 11,927.71 लाख रुपये (करीब 119.28 करोड़ रुपये) के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों की जिम्मेदारी बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) को सौंपी गई है। लंबे समय बाद इतनी बड़ी राशि के विकास कार्य स्वीकृत होने से औद्योगिक क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस संबंध में बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, करणी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश कोठारी, बीछवाल उद्योग संघ के अध्यक्ष विजय जोशी सहित विभिन्न पदाधिकारियों ने संयुक्त चर्चा की। इस दौरान स्थानीय उद्योग संगठनों की मांग पर विकास कार्यों के लिए बजट जारी करने पर रीको जयपुर के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक का आभार व्यक्त किया गया।
सड़कों से नालियों तक सुधरेगा औद्योगिक ढांचा
रीको के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज बंसल ने बताया कि रीको मुख्यालय जयपुर की ओर से स्वीकृत कार्यों में डामर सड़कों का चौड़ीकरण, सीसी सड़कों का निर्माण, इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाना, बॉक्स ड्रेन का निर्माण, आरसीसी नालियों का निर्माण तथा ओपन एरिया और पार्कों में बाउंड्री वॉल बनाना शामिल है। इन कार्यों से औद्योगिक क्षेत्रों में आवागमन, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार होने की संभावना है।
उद्योग संगठनों की मांग को मिली गति
चर्चा के दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतर सड़कें, व्यवस्थित जल निकासी और मजबूत आधारभूत सुविधाएं उद्योगों के सुचारू संचालन के लिए बेहद जरूरी हैं। स्वीकृत विकास कार्यों से उद्यमियों को राहत मिलने के साथ औद्योगिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
शेष औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भी बजट की मांग
उद्योग संगठनों ने जिले के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी विकास कार्य करवाने के लिए रीको मुख्यालय जयपुर को भेजे गए बजट प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की, ताकि जिले के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का समान रूप से विस्तार हो सके।
इस अवसर पर अशोक सुराणा, वीरेंद्र किराडू, विजय जैन, किशोर पारीक, राजीव शर्मा सहित विभिन्न उद्योग संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
