बीकानेर। जय नारायण व्यास कॉलोनी स्थित आरएसवी हायर सेकेंडरी स्कूल का वार्षिक उत्सव ‘आनंदोत्सव-2026’ राजस्थान की समृद्ध लोकसंस्कृति, गौरवशाली इतिहास और वीरता की परंपराओं के रंगों में सराबोर नजर आया। समारोह में लगभग 1600 छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अभिभावकों एवं आमंत्रित अतिथियों का मन मोह लिया। पूरे आयोजन में राजस्थान की कला, संस्कृति, लोकगीत, लोकनृत्य और ऐतिहासिक गौरव की अनूठी झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. अखिल रंजन गर्ग, बीकानेर विकास प्राधिकरण के उप आयुक्त कुणाल राहड़, राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र कुमार पुरोहित, एडीजे महिला राजेश कुमार गजरा, एसीजेएम माधवी मोदी, रेलवे मजिस्ट्रेट निखिल कुमार नाड, एडिशनल डायरेक्टर न्यूज-21 संजीव पाराशर, एडीजे नवनीत गर्ग, पार्षद हिमांशु शर्मा एवं अनिरुद्ध चौधरी सहित आरएसवी ग्रुप ऑफ स्कूल्स के सीएमडी सुभाष स्वामी, एमडी निधि स्वामी एवं सीईओ आदित्य स्वामी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
विद्यालय के लाइव बैंड ने मधुर संगीत प्रस्तुतियों के साथ समारोह का शानदार आगाज किया। वंदना के पश्चात शुरू हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम राजस्थान के सतरंगी रंगों से सजा नजर आया। ‘म्हारो प्यारो राजस्थान’, आदिवासी लोकनृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
राजस्थान के गौरवशाली इतिहास और वीरता के प्रतीकों पृथ्वीराज, राणा कुंभा, महाराणा प्रताप, वीर दुर्गादास, पद्मावती, पन्नाधाय, मीराबाई और हाड़ी रानी के जीवन एवं व्यक्तित्व पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को रोमांचित किया। वहीं राजस्थान के मेले, लोकदेवताओं और कठपुतली कला पर आधारित कार्यक्रमों ने प्रदेश की पारंपरिक संस्कृति से रूबरू करवाया।
लोकसंस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियों में तीज-त्योहार, घूमर, पणिहारी, भवाई, गैर और कालबेलिया नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और शानदार मंचीय प्रदर्शन से राजस्थानी लोककला की जीवंत छटा बिखेरी।
समारोह में अतिथियों ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए उनमें देशप्रेम, संस्कार और नैतिक मूल्यों के संवर्धन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों और खेलों का भी विशेष महत्व है। ये गतिविधियां विद्यार्थियों को तनावमुक्त रखने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं। उनमें देशभक्ति, नैतिकता और संस्कारों का विकास भारत को विकसित राष्ट्र एवं विश्व गुरु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आरएसवी की मैनेजमेंट टीम के सभी कॉर्डिनेटर्स एवं स्टाफ सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अतिथियों का स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र भटनागर ने किया तथा कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन ऋतु शर्मा एवं उनकी टीम ने किया।
