बीकानेर, 26 नवम्बर। वेटरनरी महाविद्यालय, बीकानेर में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर स्थित संविधान पार्क में आयोजित कार्यक्रम में डीन प्रो. राजेश कुमार धूड़िया ने संविधान की उद्देशिका का वाचन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. धूड़िया ने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान केवल देश के संचालन का आधार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों का मार्गदर्शक भी है। उन्होंने सभी से संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने तथा संविधान में निहित कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि एक जागरूक नागरिक के रूप में संविधान की भावना को समझना और उसे अपने व्यवहार एवं आचरण में आत्मसात करना आवश्यक है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को संविधान के प्रति जागरूकता और नागरिक दायित्वों के निर्वहन का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर निदेशक पी.एम.ई. प्रो. मनीषा माथुर, निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. देवीसिंह, परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुनीता पारीक, कार्यकारी अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. एन.एस. राठौड़ सहित महाविद्यालय के फैकल्टी सदस्य, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
