
बीकानेर। पवनपुरी सेक्टर नंबर 3 स्थित राम मंदिर प्रांगण में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी अनेक मनमोहक झांकियां सजाई गईं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा श्रीकृष्ण भक्ति से जुड़े भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए गए। भजनों की मधुर धुनों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आनंद लिया।
जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण, राधा एवं सुदामा के आकर्षक स्वरूप में सजकर मंदिर पहुंचे। बच्चों की मनमोहक वेशभूषा और प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में कृष्ण की भूमिका में अनमोल एवं देवांश, राधा की भूमिका में नव्या एवं रितिका तथा सुदामा की भूमिका में राजकुमार भाटिया ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
मंदिर के पुजारी पंकज गौतम, अशोक गौतम एवं अंकित जी ने सभी बच्चों को प्रसाद एवं चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बनी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अर्चना शर्मा एवं प्रेम प्रकाश शर्मा का विशेष योगदान रहा। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए और सभी ने सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
समूचा मंदिर परिसर कृष्ण भक्ति के रंग में रंगा नजर आया और श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया।