बीकानेर, 24 अक्टूबर। अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के संकल्प को नई पहचान देते हुए राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर की एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर (एएनओ) लेफ्टिनेंट डॉ. सुनीता चौधरी को कैप्टन रैंक पर पदोन्नत किया गया। विश्वविद्यालय के कुलगुरु सचिवालय में आयोजित पिपिंग समारोह में उनके कंधों पर नए रैंक के प्रतीक लगाए गए। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय होने के साथ ही एनसीसी कैडेट्स, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणादायी है।
समारोह में विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास और 1 राज आरएंडवी स्क्वाड्रन एनसीसी, बीकानेर के कमान अधिकारी कर्नल सेमुअल जोसेफ प्रेम कुमार ने डॉ. सुनीता चौधरी को कैप्टन रैंक के प्रतीक लगाकर बधाई दी।
कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए छात्राओं को भारतीय सेना में प्रवेश कर राष्ट्रसेवा में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सैन्य सेवाओं में बेटियों की बढ़ती भागीदारी महिला सशक्तीकरण के साथ देश की सुरक्षा को भी मजबूती प्रदान करती है। एनसीसी छात्राओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
कमान अधिकारी कर्नल सेमुअल जोसेफ प्रेम कुमार ने राष्ट्र निर्माण में एनसीसी की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह संगठन युवाओं में कर्तव्यनिष्ठा, एकता, सेवाभाव और जिम्मेदार नागरिकता के गुण विकसित करता है। उन्होंने भारतीय सेना में प्रवेश के विभिन्न मार्गों की जानकारी देते हुए युवाओं को सैन्य सेवाओं के लिए तैयारी करने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कैप्टन डॉ. सुनीता चौधरी ने आरवीसी कॉलेज एवं सेंटर, मेरठ से प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उनकी पदोन्नति से विश्वविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स में उत्साह का संचार हुआ है। उनकी उपलब्धि विशेष रूप से छात्राओं के लिए अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा बनेगी।
