
बीकानेर, 05 अक्टूबर। वन विभाग की ओर से वन्यजीव सप्ताह-2026 के अंतर्गत सोमवार को विभिन्न विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिता, प्रकृति भ्रमण एवं वन्यजीव जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पवनपुरी दक्षिण विस्तार में “सिकुड़ता आवास, वन्यजीवों पर गहराता संकट” विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई।
डीएफओ वाइल्डलाइफ श्री तरुण मेहरा ने बताया कि प्रतियोगिता में बीकानेर शहर के 12 सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के लगभग 53 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने वन्यजीवों के समक्ष बढ़ते संकट, प्राकृतिक आवासों के निरंतर सिकुड़ने, मानव-वन्यजीव संघर्ष तथा वन्यजीव संरक्षण की आवश्यकता पर अपने विचार निबंधों के माध्यम से प्रस्तुत किए।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती किरण पांचारिया एवं उपाचार्य श्रीमती रचना गुप्ता के निर्देशन में प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन श्री वनीष मेहता तथा संचालन श्रीमती मुक्ता तैलंग ने किया। निर्णायक मंडल में श्री राम कुमार कासनिया, श्री भूपेंद्र जैन, श्रीमती नीलम शर्मा एवं श्रीमती विभा महर्षि शामिल रहे। प्रतियोगिता के आयोजन में विद्यालय के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
वन विभाग की ओर से श्री कपिल कुमार, सहायक वनपाल एवं श्री कमल कुमार उपस्थित रहे।श्री मेहरा ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को वन्यजीव सप्ताह के समापन समारोह में पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा।
*जोड़बीड़ कंजर्वेशन रिजर्व में विद्यार्थियों की नेचर विजिट*
डीएफओ वाइल्डलाइफ श्री तरुण मेहरा ने बताया कि निबंध प्रतियोगिता से पूर्व विद्यार्थियों को जोड़बीड़ कंजर्वेशन रिजर्व की शैक्षणिक एवं प्रकृति भ्रमण यात्रा करवाई गई। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को थार मरुस्थलीय पारिस्थितिकी तंत्र, स्थानीय जैव विविधता, वनस्पतियों एवं वन्यजीवों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास, उनके संरक्षण तथा मरुस्थलीय पारिस्थितिकी तंत्र में विभिन्न प्रजातियों की भूमिका से अवगत कराया गया।इस नेचर विजिट में वनरक्षक श्री गजेन्द्र सिंह का सहयोग रहा।
*मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क में वेटरनरी कॉलेज के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण*
डीएफओ वाइल्डलाइफ श्री तरुण मेहरा ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत वेटरनरी कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क का शैक्षणिक भ्रमण किया गया। भ्रमण का आयोजन डॉ. जय प्रकाश प्रोफेसर, वेटरनरी कॉलेज के मार्गदर्शन में हुआ।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को चिड़ियाघर में रखे जाने वाले वन्यजीवों के स्वास्थ्य प्रबंधन, पशु चिकित्सा देखभाल, रोगों की रोकथाम एवं उपचार, पोषण प्रबंधन तथा समयबद्ध वेटरनरी केयर के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। इससे विद्यार्थियों को वन्यजीवों के स्वास्थ्य एवं प्रबंधन से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर मिला।
*पब्लिक पार्क चौपाटी में वन्यजीव फोटोग्राफी प्रदर्शनी*
डीएफओ वाइल्डलाइफ श्री तरुण मेहरा ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत पब्लिक पार्क चौपाटी में आयोजित वन्यजीव फोटोग्राफी प्रदर्शनी भी आमजन के लिए दोपहर 3:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक खुली रही।
प्रदर्शनी में वन्यजीवों, प्राकृतिक परिवेश एवं जैव विविधता से संबंधित आकर्षक छायाचित्र प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी देखने के लिए शहर के बड़ी संख्या में नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। छायाचित्रों के माध्यम से आमजन को वन्यजीवों एवं उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया।
श्री मेहरा ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह के दौरान आयोजित इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को वन्यजीव, प्रकृति एवं जैव विविधता से जोड़ना तथा प्राकृतिक आवासों के संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता एवं जागरूकता विकसित करना है।