बीकानेर। रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों को लेकर उद्यमियों में चिंता बढ़ने लगी है। औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर बीकानेर जिला उद्योग संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया के नेतृत्व में कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 19 नवंबर को अज्ञात चोरों ने एक ही दिन में रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र की तीन फैक्ट्रियों में दिनदहाड़े और रात के समय चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। चोर फैक्ट्रियों से छोटे-मोटे सामान के साथ दरवाजे एवं फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचाकर फरार हो गए। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से औद्योगिक क्षेत्र के कारोबारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने औद्योगिक क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त करवाने की मांग करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से ही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि उद्यमियों को बार-बार होने वाली चोरी की वारदातों से राहत दिलाना जरूरी है, ताकि वे निर्भय होकर अपना कारोबार कर सकें।
इस पर कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी ने आश्वस्त किया कि शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। चोरी की वारदातों में शामिल अपराधियों की धरपकड़ के साथ औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे तथा नियमित पुलिस गश्त करवाई जाएगी।
इस अवसर पर श्यामसुन्दर सोनी, दाऊलाल अग्रवाल, सुरेश चांडक एवं पंकज अग्रवाल सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
