हनुमानगढ़। पंचायत चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। हनुमानगढ़ जिला भाजपा मुख्यालय पर आयोजित बैठक में बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. मिथिलेश गौतम, जिला चुनाव प्रभारी दीपक पारीक और जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री डॉ. मिथिलेश गौतम ने कहा कि पंचायत चुनाव में प्रत्येक बूथ की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा पार्टी की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला चुनाव प्रभारी दीपक पारीक ने कहा कि चुनावी तैयारियों में बूथ स्तर पर संपर्क और संगठन की सक्रियता की अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क बढ़ाने और संगठनात्मक जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने की बात कही।
संगरिया में युवा संवाद, सैकड़ों लोगों ने ली सदस्यता
जिला मुख्यालय पर बैठक के बाद संगरिया में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें डॉ. मिथिलेश गौतम ने युवाओं की भागीदारी को संगठनात्मक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत किया और संगठन से जुड़कर सक्रिय भागीदारी निभाने की बात कही।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष नाथूराम सोनी, पूर्व विधायक गुरदीप सिंह शाहपिनी एवं कृष्णा कड़वा सहित युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री राहुल लागा, गुलाब सिमर, मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पार्षद उपस्थित रहे।
दोनों कार्यक्रमों में पंचायत चुनाव की तैयारियों, बूथ स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों, युवा भागीदारी और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय को लेकर चर्चा हुई।
