बीकानेर। अर्हम इंग्लिश एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भीनासर में 16 अक्टूबर को नवरात्र महोत्सव के अवसर पर भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं पर आधारित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने नौ देवियों की सजीव झांकियों सहित योग, गरबा, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर के पूर्व महापौर नारायण चौपड़ा रहे। अध्यक्षता समाजसेवी विमल चौरड़िया ने की, जबकि योगाचार्य धर्म सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के संस्थापक सचिव सुरेंद्र कुमार डागा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
नारी शक्ति और आध्यात्मिक चेतना का दिखा संगम
विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नौ देवियों की सजीव झांकियां कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहीं। मां करणी, तनोट माता एवं नगणेचेजी माता सहित देवी स्वरूपों पर आधारित प्रस्तुतियों ने श्रद्धा और भक्ति का संदेश दिया। वहीं आदियोगी शिव स्तोत्रम, योगासन और गुजराती गरबा की प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम को विशेष रंग प्रदान किया।
सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा संदेश
कार्यक्रम में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और ‘नशामुक्त बने बीकानेर’ जैसी प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से नारी सम्मान, स्वस्थ जीवनशैली, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।
इस अवसर पर भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं, योग, अनुशासन और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सांस्कृतिक शिक्षा की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना की।
विद्यालय के संस्थापक सचिव सुरेंद्र कुमार डागा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य आधुनिक शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और संस्कारों से जोड़ना है, ताकि वे जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकें।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का सहयोग रहा।
