जयपुर/सीकर, 23 अक्टूबर। भर्ती कार्यालय (मुख्यालय), जयपुर की ओर से सीकर जिला स्टेडियम में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। 1 से 23 अक्टूबर तक चली इस रैली में सीकर और जयपुर जिलों के अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इसके साथ ही राजस्थान के सभी जिलों के युवाओं के लिए अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल श्रेणी में भी भर्ती आयोजित की गई।
रैली में राजस्थान के युवाओं ने देशसेवा के प्रति उत्साह और समर्पण का परिचय दिया। भर्ती प्रक्रिया के दौरान 90 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। भर्ती में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षण के दौरान प्रतिबंधित प्रदर्शन-वर्धक पदार्थों के इस्तेमाल को रोकने के उद्देश्य से ड्रग टेस्ट भी किया गया। साथ ही दलालों और धोखाधड़ी करने वाले तत्वों से अभ्यर्थियों को बचाने के लिए सख्त कदम उठाए गए।
मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, जयपुर ने भर्ती रैली के सफल संचालन में सहयोग देने के लिए नागरिक प्रशासन की सराहना की। समय पर आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध होने से भर्ती प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हुई और अभ्यर्थियों को सुविधाएं मिलीं।
सेना की ओर से बताया गया कि ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) की शुरुआत से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को मजबूती मिली है। अभ्यर्थियों को आगाह किया गया कि वे निश्चित चयन का झांसा देने वाले अनजान व्यक्तियों और बिचौलियों से दूर रहें। भारतीय सेना में चयन पूरी तरह योग्यता और निर्धारित भर्ती मानकों के आधार पर होता है। युवाओं से अपनी तैयारी और क्षमता पर भरोसा रखते हुए राष्ट्रसेवा के लिए भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने का आह्वान किया गया।
