बीकानेर। आरएससीईआरटी एवं स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में डाइट बीकानेर में प्रथम वर्ष के डी.एल.एड. विद्यार्थियों के लिए ‘अनुपयोगी सामग्री से उपयोगी शिक्षण-अधिगम सामग्री निर्माण प्रतियोगिता’ आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य भावी शिक्षकों में रचनात्मकता, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और प्रभावी शिक्षण कौशल को प्रोत्साहित करना रहा।
प्रतियोगिता में डाइट के 40 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अनुपयोगी एवं पुनः उपयोग योग्य वस्तुओं से आकर्षक और उपयोगी शिक्षण-अधिगम सामग्री तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तैयार सामग्री का मूल्यांकन जूरी सदस्यों राजेंद्र कुमार भाभू, किरण शेखावत, कविता तंवर एवं प्रताप सिंह राठौड़ ने शैक्षणिक उपयोगिता, सृजनात्मकता, नवाचार तथा कक्षा-कक्ष में प्रयोग की संभावनाओं के आधार पर किया।
प्रतियोगिता में सुमित ने प्रथम, मनीष ने द्वितीय तथा गजानंद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। डाइट स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी राज्य स्तरीय शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) निर्माण प्रतियोगिता में भाग लेंगे। वहां वे अपनी तैयार सामग्री की उपयोगिता और कक्षा में उसके प्रयोग का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा बीकानेर भरत कुमार जोशी तथा निदेशालय बीकानेर के अतिरिक्त निदेशक एवं पंजीयक दिनेश कुमार आचार्य रहे। आयोजन को सफल बनाने में प्रताप सिंह राठौड़, रेणु, डाइट प्राचार्य प्रवीण कुमार खत्री तथा जूरी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
यह पहल भावी शिक्षकों में ‘अनुपयोगी से उपयोगी’ की सोच विकसित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण, नवाचार और अनुभवात्मक शिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुई।
