बीकानेर, 17 अक्टूबर। छात्राओं और महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने तथा उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से बीकानेर में ‘ऑपरेशन सुरक्षा चक्र 2026-27’ की शुरुआत 21 अक्टूबर से होगी। जिला प्रशासन, जिला पुलिस विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं पीएसटी मार्शल आर्ट एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों की छात्राओं को सितंबर 2027 तक आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शनिवार को जिला कलेक्टर निशांत जैन (आईएएस) एवं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) ने प्रशिक्षण शिविर के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर पीएसटी मार्शल आर्ट एकेडमी के टेक्निकल डायरेक्टर रेन्शी प्रीतम सैन, ज्योतिप्रकाश रंगा, जापान से ब्लैक बेल्ट प्राप्त सेन्सेई सोनिका सैन तथा नदीम हुसैन उपस्थित रहे।
कराटे से लेकर मिक्स्ड मार्शल आर्ट तक का प्रशिक्षण
एकेडमी की सेन्सेई सोनिका सैन ने बताया कि एसपी मृदुल कच्छावा के संरक्षण में संचालित इस अभियान का उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं में सुरक्षा का भाव जागृत करना और उन्हें आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षित करना है। अभियान के माध्यम से ‘सशक्त नारी, नशा मुक्त समाज’ का संदेश भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के सहयोग से पिछले 25 वर्षों में 60 हजार से अधिक छात्राओं एवं महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
एकेडमी के टेक्निकल डायरेक्टर रेन्शी प्रीतम सैन ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों में छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। इसके तहत एकेडमी के प्रशिक्षित ब्लैक बेल्ट प्रशिक्षकों द्वारा कराटे, जूडो, किक बॉक्सिंग, मुए थाई, जिजुत्सु एवं कूडो सहित विभिन्न मार्शल आर्ट विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अभियान का उद्देश्य छात्राओं में आत्मरक्षा के कौशल विकसित करने के साथ आत्मविश्वास बढ़ाना भी है।
नशे के विरुद्ध जागरूकता का भी दिलाया जाएगा संकल्प
शिविर के संयोजक ज्योतिप्रकाश रंगा ने बताया कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण के साथ छात्राओं को नशे के विरुद्ध जनजागरूकता का संकल्प भी दिलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से बालिकाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने तथा समाज में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
