खेल प्रतिभाओं को मिलेगा ‘उड़ान’ का मंच, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को बीकानेर आने का न्योता

जयपुर/बीकानेर। राजस्थान की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने तथा युवाओं को खेलों में करियर के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन, बीकानेर द्वारा ‘उड़ान–फिट इंडिया 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी सिलसिले में फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा एवं संस्थापक उमाशंकर लिम्बा ने बीकानेर के युवा पृथ्वी सिंह राठौड़ के साथ जयपुर में उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की और उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

 

इस दौरान निशा लिम्बा ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि 20 दिसंबर 2026 को महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के संत मीराबाई सभागार में राष्ट्रीय स्तर का ‘उड़ान–फिट इंडिया : नेशनल स्पोर्ट्स करियर अवेयरनेस एंड टैलेंट डेवलपमेंट इनिशिएटिव’ आयोजित होगा। इसकी थीम ‘मिशन प्ले टू प्रोफेशन : खेल से करियर तक’ रखी गई है।

 

मुलाकात में खेलों को करियर के रूप में अपनाने, युवा प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन देने और राजस्थान में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। फाउंडेशन ने बताया कि कार्यक्रम में ओलंपियन, पैरालंपियन, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, खेल प्रशासक, प्रशिक्षक, खेल वैज्ञानिक, पोषण विशेषज्ञ एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जा रहा है।

 

कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों और युवाओं को खेलों में शिक्षा, प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति, रोजगार तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध करियर के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा खेल विज्ञान, फिटनेस, प्रतिभा विकास, बच्चों की सुरक्षा, सुरक्षित खेल वातावरण और अनुशासन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विशेष सत्र होंगे।

 

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी लेते हुए 20 दिसंबर को बीकानेर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपनी ओर से पूरी कोशिश करने का आश्वासन दिया।

 

निशा लिम्बा ने कहा कि ‘उड़ान 2026’ का उद्देश्य केवल खेल आयोजन करना नहीं, बल्कि प्रदेश की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचान, मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। फाउंडेशन का दीर्घकालीन लक्ष्य ‘मिशन 2036–खेल के मैदान से ओलंपिक पोडियम तक’ है। इसके जरिए राजस्थान के युवाओं को खेलों में बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि यह पहल खेल, शिक्षा और युवा सशक्तिकरण को जोड़ते हुए राजस्थान में खेल प्रतिभाओं के लिए नए अवसर तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

 

 

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

धोलेरा नंबर-1 को मिली नई सरपंच, सरस्वती देवी लखेसर ने संभाली ग्राम पंचायत की कमान

बीकानेर। बीकानेर पंचायत समिति की नवसृजित ग्राम पंचायत धोलेरा नंबर-1 की नवनिर्वाचित सरपंच स…