बीकानेर, 24 अक्टूबर 2026। राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर के राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से राजनीति विज्ञान परिषद के तत्वावधान में यूएनओ दिवस के उपलक्ष्य में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संयुक्त राष्ट्र संगठन (यूएनओ) की भूमिका, वैश्विक सहयोग, अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र नाथ ने कहा कि यूएनओ का गठन विश्व में सामाजिक एवं आर्थिक विकास को बढ़ावा देने, विभिन्न देशों के बीच आपसी तालमेल स्थापित करने तथा अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने विद्यार्थियों को संयुक्त राष्ट्र की भूमिका और वैश्विक परिस्थितियों को समझने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. पुरोहित ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को केवल देश और प्रदेश तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की कार्यप्रणाली और उद्देश्यों का भी सूक्ष्म परिचय होना चाहिए। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के ज्ञान, अभिव्यक्ति कौशल और वैश्विक दृष्टिकोण को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डॉ. श्यामा अग्रवाल, डॉ. प्रियंका खींची एवं डॉ. निकिता कसवां ने निभाई। प्रतियोगिता में हर्षिता ने प्रथम, सूर्य राज सिंह ने द्वितीय तथा दिव्या और अनु कुमारी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। आयुष एवं भागीरथ को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में राजनीति विज्ञान विभाग की डॉ. मैना निर्वाण, डॉ. सुनीता गोयल, डॉ. नरेंद्र लांबा एवं डॉ. संदीप कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ तार्किक चिंतन और प्रभावी वक्तृत्व कला को प्रोत्साहित करना रहा।
