बीकानेर, 24 अक्टूबर। स्वच्छ गांव, स्वस्थ समाज की भावना को साकार करने के उद्देश्य से पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, बीकानेर की ओर से यूनिवर्सिटी सोशल रिस्पांसिबिलिटी के तहत गोद लिए गए ग्राम बम्बलू में शनिवार को स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में विद्यार्थियों और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
वेटरनरी महाविद्यालय की सोशल रिस्पांसिबिलिटी समन्वयक डॉ. संजय सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं अन्य विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। विद्यार्थियों ने श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए ग्रामीणों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूक किया।
अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमित साफ-सफाई से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ स्वस्थ वातावरण के निर्माण में भी योगदान दिया जा सकता है।
