बीकानेर, 24 अक्टूबर। पशु चिकित्सा के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। राजस्थान पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (राजुवास), बीकानेर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के बी.वी.एससी. एंड ए.एच. स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए रिक्त 443 सीटों पर द्वितीय चरण की काउंसलिंग के तहत योग्य अभ्यर्थियों के अलॉटमेंट लेटर जारी कर दिए हैं। इनमें स्टेट कोटे की 250 और मैनेजमेंट कोटे की 193 सीटें शामिल हैं।
स्नातक प्रवेश बोर्ड के चेयरमैन प्रो. राजेश कुमार धूड़िया ने बताया कि राजुवास बीकानेर, रूवास जोबनेर के संघटक एवं संबद्ध निजी वेटरनरी महाविद्यालयों तथा टांटिया यूनिवर्सिटी के श्रीगंगानगर वेटरनरी महाविद्यालय में प्रवेश के लिए द्वितीय चरण की काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। स्टेट कोटे की रिक्त सीटों के लिए काउंसलिंग 2 नवंबर को तथा मैनेजमेंट कोटे की सीटों के लिए 4 नवंबर को निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि वेटरनरी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली ने देशभर में वेटरनरी स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश काउंसलिंग प्रक्रिया की समयसीमा बढ़ाकर 30 नवंबर कर दी है। अभ्यर्थियों को प्रवेश नीट यूजी-2026 की मेरिट सूची, उपलब्ध सीटों की संख्या और राज्य सरकार की आरक्षण नीति के अनुसार दिया जाएगा।
दस्तावेज सत्यापन के बाद मिलेगा प्रवेश
काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाएगी। दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार प्रवेश दिया जाएगा।
प्रवेश प्रक्रिया, काउंसलिंग और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.rajuvas.ac.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों और विश्वविद्यालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
