बीकानेर, 24 अक्टूबर। विश्व शांति, आपसी भाईचारे और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय (एसकेआरएयू), बीकानेर में संयुक्त राष्ट्र दिवस के अवसर पर संयुक्त राष्ट्र (यूएनओ) का ध्वज फहराया गया। कार्यक्रम के माध्यम से शांति, एकता और मानवता के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया।
छात्र कल्याण निदेशक डॉ. एच.एल. देशवाल ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र दिवस मनाने का उद्देश्य विश्व के सभी देशों के बीच शांति, समानता और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। संयुक्त राष्ट्र संघ की स्थापना 24 अक्टूबर 1945 को हुई थी। यह संगठन वैश्विक शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने, मानवाधिकारों की रक्षा करने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए कार्य करता है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों से समाज में आपसी सद्भाव बनाए रखने, एकता को मजबूत करने और मानवता के मूल्यों को अपने व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम ने वैश्विक सहयोग और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के महत्व को रेखांकित किया।
