बीकानेर। करणी नगर स्थित स्वामी रामनारायण ग्लोबल सीनियर सेकेंडरी स्कूल का वार्षिकोत्सव ‘उमंग’ उत्साह, रचनात्मकता और सांस्कृतिक रंगों के बीच धूमधाम से मनाया गया। नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के लगभग 1300 विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों, जीवन के विभिन्न पड़ावों और वर्तमान समय की सामाजिक चुनौतियों को कलात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजुवास के कुलपति डॉ. सुमंत व्यास सहित विशिष्ट अतिथि डॉ. मनोहर लाल दावां, एसबीआई के एजीएम अभिषेक माथुर, न्यायाधीश प्रमोद बंसल, श्रीमती मधु हिसारिया, लेफ्टिनेंट कर्नल संजीव यादव, न्यूज 21 के एडिशनल डायरेक्टर संजीव पाराशर और डॉ. वर्षा माकड़ ने आरएसवी ग्रुप ऑफ स्कूल्स की एमडी श्रीमती निधि, सीईओ श्री आदित्य स्वामी, श्रीमती अंबिका गौतम एवं श्री रामलाल स्वामी के साथ दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बचपन से युवावस्था और वृद्धावस्था तक के जीवन सफर को मंच पर जीवंत किया। गरबा, पंजाबी भांगड़ा, सूफी गीतों और भारतीय संस्कृति की विविध रंगों से सजी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, परिवार का महत्व, जीवन में हास्य की भूमिका तथा असफलता से सफलता तक के सफर को दर्शाते नाटक और झांकियों ने भावनात्मक संदेश दिया।
आज के युवाओं के सामने खड़ी नशे की समस्या, निराशा और काल्पनिक दुनिया में बढ़ते आकर्षण जैसे विषयों को भी विद्यार्थियों ने सहज एवं प्रभावशाली ढंग से मंच पर उतारा। विद्यालय की गतिविधियों और शैक्षणिक-सांस्कृतिक आयामों की प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और शिक्षकों के मार्गदर्शन को प्रदर्शित किया। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में तालियों की गूंज ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
विशिष्ट अतिथियों ने विद्यालय के नवाचारों और विद्यार्थियों में संस्कारों के विकास के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को परिवार, भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने के साथ मोबाइल एवं सोशल मीडिया के सीमित उपयोग के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम प्रभारी हरि वर्मा एवं वंदना गैरा ने आयोजन की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन ऋतु शर्मा ने किया, जबकि नृत्य निर्देशन संयोगिता शर्मा, भूमिका झा एवं फणीश्वर खत्री ने किया।
