बीकानेर, 26 अक्टूबर। रोजगार की प्रतिस्पर्धा में छात्राओं को सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से राजकीय डूंगर महाविद्यालय में तीन दिवसीय रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। महाविद्यालय के प्लेसमेंट सेल की ओर से महिंद्रा राइज के सहयोग से संचालित तथा नांदी फाउंडेशन द्वारा क्रियान्वित महिंद्रा प्राइड क्लासरूम के अंतर्गत आयोजित यह प्रशिक्षण 28 अक्टूबर तक चलेगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आर. के. पुरोहित ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रभावी संचार कौशल, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और व्यावसायिक दक्षताएं भी सफलता के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने छात्राओं से प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी कर स्वयं को कुशल एवं आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया।
साक्षात्कार से लेकर व्यावसायिक व्यवहार तक सीखेंगी छात्राएं
प्लेसमेंट सेल के संयोजक प्रो. देवेश खंडेलवाल ने कहा कि विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनकी व्यावहारिक दक्षताओं को विकसित करने के लिए महाविद्यालय में समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
महिंद्रा प्राइड क्लासरूम की रिसोर्स पर्सन पूजा चौधरी ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए प्रभावी संवाद, व्यक्तित्व विकास, साक्षात्कार की तैयारी, आत्मविश्वास और व्यावसायिक व्यवहार जैसे विषयों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को इन कौशलों का अभ्यास कर अपनी क्षमताओं को निखारने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम समन्वयक प्रियंका खींची ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को वर्तमान रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना और उनमें रोजगारपरक दक्षताओं का विकास करना है।
निःशुल्क प्रशिक्षण, सभी प्रतिभागियों को मिलेगा प्रमाण-पत्र
यह प्रशिक्षण केवल छात्राओं के लिए आयोजित किया जा रहा है और इसमें भागीदारी पूरी तरह निःशुल्क है। प्रशिक्षण पूरा करने वाली सभी छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम महाविद्यालय के मुख्य भवन स्थित कक्ष संख्या 23 में आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के माध्यम से छात्राओं को अपने संचार कौशल, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को बेहतर बनाने के साथ भविष्य में रोजगार संबंधी अवसरों के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में प्लेसमेंट सेल के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
— जनसंपर्क एवं प्लेसमेंट सेल, राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर
