बीकानेर। जिला खो-खो संघ, बीकानेर के तत्वावधान में जिला स्तरीय जूनियर बालक-बालिका खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन 31 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आदर्श सरस्वती शिक्षण उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुसाईंसर बड़ा (श्रीडूंगरगढ़) के खेल मैदान पर किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
जिला खो-खो संघ बीकानेर के चेयरमैन हाजी मकसूद अहमद ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों को अपनी प्रविष्टि की सूचना 29 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे तक प्रतियोगिता संचालन समिति के सदस्यों बद्री नारायण शर्मा, मोहनलाल कस्वा, गोवर्धन राम खिलेरी एवं किसन स्वामी को देनी होगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड, जन्मतिथि प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा खिलाड़ी के स्वयं के नाम से संचालित बैंक खाते का विवरण लाना अनिवार्य होगा।
खो-खो संघ बीकानेर के अध्यक्ष पप्पू राम पंवार एवं सचिव नाजरा परवीन ने बताया कि इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर बालक एवं बालिका वर्ग की जिला टीमों का चयन किया जाएगा। चयनित टीमें 10 से 12 नवंबर 2026 तक सांवलिया जी सेठ, चित्तौड़गढ़ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय जूनियर खो-खो प्रतियोगिता में बीकानेर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
संघ ने जिले की इच्छुक टीमों से निर्धारित समय सीमा में प्रविष्टि देने तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।
