बीकानेर। चर्म रोग विशेषज्ञों के राज्य स्तरीय सम्मेलन ‘क्यूटिकॉन-राज 2026’ में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर के रेजीडेंट चिकित्सकों ने अपनी शोध प्रतिभा और वैज्ञानिक ज्ञान का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर सफलता का परचम लहराया। सम्मेलन के समापन समारोह में आयोजित वैज्ञानिक प्रतियोगिताओं में बीकानेर के डॉ. आदित्य गौड़ ने अवार्ड पेपर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि फ्री पेपर प्रतियोगिता में डॉ. निशा डुकिया ने दूसरा स्थान हासिल कर बीकानेर का गौरव बढ़ाया।
आयोजन प्रमुख डॉ. बी.सी. घीया ने बताया कि सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने भाग लेकर चर्म रोग विज्ञान से संबंधित शोध, ज्ञान और प्रस्तुतीकरण कौशल का प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं में बीकानेर के चिकित्सकों की उपलब्धि सराहनीय रही।
अवार्ड पेपर में डॉ. आदित्य गौड़ प्रथम
साइंटिफिक चेयरपर्सन डॉ. प्रसून सोनी ने बताया कि अवार्ड पेपर प्रतियोगिता में डॉ. आदित्य गौड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एम्स जोधपुर की डॉ. आयुषी भार्गव दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर की डॉ. सपना शर्मा और महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज, जयपुर की डॉ. सौंदर्या फांडा ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
फ्री पेपर में डॉ. निशा डुकिया ने हासिल किया दूसरा स्थान
फ्री पेपर प्रतियोगिता में एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर के डॉ. मोहित शर्मा प्रथम रहे। एसपी मेडिकल कॉलेज, बीकानेर की डॉ. निशा डुकिया ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। एसएन मेडिकल कॉलेज, जोधपुर की डॉ. दामिनी विजय और महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज, जयपुर की डॉ. मुस्कान जिंदल संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रश्नोत्तरी में एम्स जोधपुर की टीम अव्वल
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में एम्स जोधपुर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अजमेर मेडिकल कॉलेज की टीम दूसरे तथा जोधपुर मेडिकल कॉलेज की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों की विषयगत समझ, शोध क्षमता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को परखा गया।
विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर किया सम्मानित
आयोजन सचिव डॉ. मोहित बंसल ने बताया कि प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 11 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वालों को पांच हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को तीन हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
मुख्य संयोजक डॉ. आर.डी. मेहता ने बताया कि पुरस्कार राशि डॉ. आर.ए. बम्ब एवं त्वचा आरोग्य सेवा न्यास की ओर से संयुक्त रूप से प्रायोजित की गई। सम्मेलन में मिली इस सफलता से बीकानेर के चिकित्सा जगत में उत्साह का माहौल है।
