बीकानेर, 31 अक्टूबर। वेटरनरी विश्वविद्यालय, बीकानेर में प्रशासनिक एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं के तहत महत्वपूर्ण दायित्वों का पुनर्वितरण किया गया है। इसके तहत वेटरनरी महाविद्यालय, बीकानेर के अधिष्ठाता एवं संकायाध्यक्ष तथा विश्वविद्यालय के निदेशक अनुसंधान का अतिरिक्त कार्यभार प्रो. राजेश कुमार धूडिया को सौंपा गया है। वहीं, अधिष्ठाता स्नातकोत्तर अध्ययन का अतिरिक्त प्रभार प्रो. प्रवीण बिश्नोई तथा निदेशक प्रसार शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार डॉ. देवी सिंह को दिया गया है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव द्वारा शनिवार को जारी आदेशों के अनुसार तीनों अधिकारियों को ये अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश जारी होने के बाद सभी अधिकारियों ने अपने नए कार्यभार ग्रहण कर लिए हैं।
वर्तमान में प्रो. राजेश कुमार धूडिया पशु पोषण विभाग के विभागाध्यक्ष हैं। प्रो. प्रवीण बिश्नोई निदेशक क्लिनिक्स एवं विभागाध्यक्ष सर्जरी का दायित्व संभाल रहे हैं। वहीं, डॉ. देवी सिंह समन्वयक जनसंपर्क प्रकोष्ठ के साथ विभागाध्यक्ष प्रसार शिक्षा का कार्य भी देख रहे हैं।
विश्वविद्यालय में इन नई जिम्मेदारियों के आवंटन को शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों के संचालन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
