बीकानेर, 31 अक्टूबर। नशामुक्त युवा एवं विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत गोल्डन गेट एकेडमी, करमीसर में भारतीय खेल प्राधिकरण, फिट इंडिया एवं माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में 2 किलोमीटर मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें 300 से अधिक युवाओं ने भाग लेकर दौड़ के माध्यम से नशामुक्ति और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप महापौर श्री पंकज गहलोत थे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में अंतरराष्ट्रीय साइक्लिस्ट श्री दयालराम सारण, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी श्री हेमाराम जाट, श्री प्रेम गहलोत एवं मूलचंद पंवार उपस्थित रहे। अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर मिनी मैराथन को रवाना किया।
मिनी मैराथन के साथ योग, वॉलीबॉल एवं अन्य खेल गतिविधियां भी आयोजित की गईं। डॉ. कन्हैया कच्छावा एवं माय भारत की जिला युवा अधिकारी श्रीमती विजेता मजूमदार ने प्रतिभागियों को नशामुक्ति एवं फिट इंडिया की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के समापन पर जिला साइक्लिंग संघ के सचिव श्री सुरेंद्र कूकणा ने बताया कि बीकानेर में प्रत्येक रविवार को अलग-अलग स्थानों पर फिट इंडिया अभियान के तहत ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इनका उद्देश्य युवाओं और आमजन को खेल एवं साइक्लिंग से जोड़ना तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि खेल और व्यायाम स्वस्थ जीवन का आधार हैं। प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा शारीरिक गतिविधियों के लिए निकालना चाहिए। इसी उद्देश्य से फिट इंडिया का संदेश ‘फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज’ जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, खेलों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
