चूरू/बीकानेर। आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में चूरू उत्तर पंचायत समिति की सभी 15 सीटों पर भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की चयन प्रक्रिया पूरी कर ली है। चयनित प्रत्याशियों के सिंबल विधिवत भरकर पंचायत समिति प्रभारी एवं बीकानेर भाजपा जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट अशोक प्रजापत ने चूरू एसडीएम को सौंप दिए।
उल्लेखनीय है कि भाजपा ने बीकानेर के जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट अशोक प्रजापत को चूरू उत्तर पंचायत समिति का प्रभारी नियुक्त किया था। इसके बाद पूर्व मंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, चूरू विधायक हरलाल सहारण, जिला प्रभारी महावीर रांका, पंचायत समिति प्रभारी अशोक प्रजापत और भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा के नेतृत्व में प्रत्याशियों के चयन को लेकर बैठकों एवं विचार-विमर्श का दौर चला। संगठनात्मक स्तर पर व्यापक मंथन के बाद सभी 15 प्रत्याशियों के नाम अंतिम रूप से तय किए गए।
सिंबल जमा करवाने के दौरान चूरू विधायक हरलाल सहारण, भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, नगर परिषद चूरू सभापति विनय गोयनका, एडवोकेट राजेश मटोलिया सहित पार्टी के स्थानीय नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि चूरू उत्तर पंचायत समिति की सभी 15 सीटों पर भाजपा प्रत्याशी शानदार प्रदर्शन करेंगे और भारी बहुमत से जीत दर्ज कर ग्रामीण क्षेत्र में पार्टी का परचम लहराएंगे।
सिंबल जमा होने के साथ ही भाजपा प्रत्याशियों की चुनावी तैयारियों ने गति पकड़ ली है। अब सभी की निगाहें पंचायत समिति चुनाव के परिणामों पर टिकी हैं।
