बीकानेर। जैन महासभा बीकानेर द्वारा रविवार, 15 नवंबर 2026 को जिला उद्योग संघ कार्यालय, बीकानेर में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, विधि, प्रशासनिक एवं सरकारी सेवाओं, खेलकूद, राजनीति, कला, साहित्य तथा सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल करने वाली जैन समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
जैन महासभा बीकानेर के प्रतिभा सम्मान समारोह के संयोजक डॉ. नितेश जी आसानी ने बताया कि समारोह के लिए अब तक 114 से अधिक प्रतिभाओं का पंजीकरण हो चुका है। समाज की अधिकाधिक प्रतिभाओं को इस आयोजन से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
डॉ. बबीता जी जैन ने बताया कि इस सम्मान समारोह में बीकानेर नगर निगम एवं नगर विकास न्यास क्षेत्र में वर्ष 2025-26 के दौरान उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मिलित किया गया है। खेलकूद एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों के अंतर्गत स्काउट, एनएसएस, समाजसेवा, साहित्य, कला, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में राज्य, राष्ट्रीय अथवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियाँ एवं सम्मान प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर विशिष्ट मुकाम प्राप्त करने वाले समाज के व्यक्तित्वों का भी अभिनंदन किया जाएगा।
जैन महासभा के उपाध्यक्ष संजय सांड ने बताया कि हाल ही में संपन्न पार्षद चुनावों में जैन समाज के पांच पार्षद निर्वाचित हुए हैं। इनमें श्रीमती लक्ष्मी देवी कातेला, श्री दिलीप बांठिया, श्री धर्मवीर नाहटा, श्री नवरतन डागा एवं श्री संजय राखेचा शामिल
इस अवसर पर जैन महासभा जैन पार्षदों का अभिनन्दन करेगी।
जैन महासभा बीकानेर के अध्यक्ष कन्हैयालाल बोथरा ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि बीकानेर नगर निगम के मेयर अनिल जी कल्ला होंगे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल जज, बीकानेर अभिनन्दन जी जैन करेंगे।
महासभा के महामंत्री जतनलाल संचेती ने बताया कि जैन महासभा वर्षभर समाज सेवा के अनेक कार्यक्रम आयोजित करती है।
चातुर्मास समाप्ति के पश्चात दिसंबर माह में तपस्या करने वाले तपस्वियों का अभिनन्दन समारोह भी आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही वार्षिक दिनदर्शिका (कैलेंडर)का लोकार्पण भी किया जायेगा
जैन महासभा के सहमंत्री जैन मनीष जी नाहटा ने कहा कि जैन महासभा का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को उचित सम्मान देना तथा नई पीढ़ी को शिक्षा, सेवा, संस्कार एवं उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करना है।
