बीकानेर, 26 नवंबर। लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR)-2026 के तहत राजकीय महाविद्यालय, गंगाशहर में मतदाता जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर के माध्यम से महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने और मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए जागरूक किया गया।
शिविर में विद्यार्थियों को पहली बार मतदाता बनने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें फॉर्म-6 भरने, आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज संलग्न करने तथा पंजीकरण संबंधी औपचारिकताओं के बारे में समझाया गया। इसके साथ ही ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा से अवगत करवाते हुए ECINET ऐप के माध्यम से घर बैठे मतदाता पंजीकरण करने की प्रक्रिया भी बताई गई।
इस दौरान सुपरवाइजर नवरतन जोशी तथा बीएलओ जगदीश कडेला एवं घनश्याम मेघवाल ने विद्यार्थियों को पंजीकरण प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों से फॉर्म-6 भरवाए तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन अग्रेषित किए।
कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. बबीता जैन एवं सहायक आचार्य हरिराम तर्ड ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक का महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक दायित्व भी है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक सशक्त बन सकती है।
उन्होंने सभी पात्र विद्यार्थियों से मतदाता सूची में अपना नाम अनिवार्य रूप से जुड़वाने तथा लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए मतदान के अधिकार का सदुपयोग करने का आह्वान किया।
